कानपुर में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई पर FIR, सरकारी स्कूल में अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने का आरोप

कानपुर में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के खिलाफ सरकारी स्कूल में अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने के मामले में एफआईआर दर्ज हुई है. आरोप है कि बिना विभागीय अनुमति के स्कूल परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया और बच्चों को ड्रेस वितरित की गई. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया. उनकी शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 132 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कार्रवाई की गई. Photo ITG घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कार्रवाई की गई. Photo ITG

सिमर चावला

  • कानपुर,
  • 07 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:40 PM IST

कानपुर में समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई के खिलाफ ग्वालटोली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. मामला परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाए जाने से जुड़ा है. पुलिस ने यह कार्रवाई निलंबित प्रधानाध्यापक नवीन कुमार त्रिपाठी की शिकायत के आधार पर की है.

आरोप है कि 1 जुलाई को विधायक अमिताभ बाजपेई ने बिना विभागीय अनुमति के सरकारी स्कूल परिसर में सपा प्रमुख का जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित किया. शिकायत में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्कूल ड्रेस भी वितरित की गई, जबकि स्कूल में ड्रेस वितरण को लेकर सांसद की ओर से कार्यक्रम प्रस्तावित था.

Advertisement

घटना के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के प्रधानाध्यापक नवीन कुमार त्रिपाठी को निलंबित कर दिया था. इसके बाद निलंबित प्रधानाध्यापक ने ग्वालटोली थाने पहुंचकर विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. 

तहरीर में आरोप लगाया गया कि स्कूल परिसर में कार्यक्रम आयोजित करने से पहले किसी भी सक्षम अधिकारी से अनुमति नहीं ली गई थी. शिकायतकर्ता ने इसे सरकारी कार्य में हस्तक्षेप और विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित करने का मामला बताया.

पुलिस ने शिकायत के आधार पर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 के तहत मुकदमा दर्ज किया है. यह धारा किसी लोक सेवक को उसके आधिकारिक कार्य से रोकने के लिए बल प्रयोग या आपराधिक हस्तक्षेप से संबंधित है.

ग्वालटोली थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »