उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कॉलेज क्लर्क और जिम संचालक की आत्महत्या से सनसनी फैल गई. सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में 52 वर्षीय देवदत्त शर्मा ने शनिवार, 1 अगस्त की शाम अपने घर पर खुद को गोली मारकर जान दे दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान रेलवे रोड निवासी देवदत्त शर्मा के रूप में हुई है. वह पिछले कई वर्षों से सरसावा क्षेत्र में रह रहे थे और अपने घर के पीछे रॉक जिम संचालित करते थे. बॉडी बिल्डिंग में उनकी खास रुचि थी. कॉलेज में नौकरी करने के बाद वह जिम का संचालन करते थे. घटना की सूचना मिलते ही सरसावा पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची.
यह भी पढ़ें: 'भोले भक्त हमारी बनाई ड्रेस पहनते हैं...', सहारनपुर के मुस्लिम कारीगर की बात सुन भावुक हो जाएंगे आप
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सहायक क्षेत्राधिकारी नकुड़ पवन कुमार के मुताबिक, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
मौत से पहले भांजी को भेजा संदेश
पुलिस जांच में सामने आया है कि देवदत्त शर्मा ने आत्महत्या से पहले अपनी 21 वर्षीय भांजी नेहा शर्मा के मोबाइल फोन पर एक संदेश भेजा था. इस संदेश में उन्होंने लंबे समय से अपमानित महसूस करने की बात कही. उन्होंने लिखा कि अब अपमान सहन नहीं होता और बार-बार मरने की स्थिति से बेहतर है कि एक ही बार जिंदगी खत्म कर ली जाए.
संदेश में देवदत्त ने अपनी अंतिम इच्छाओं का भी जिक्र किया था. उन्होंने कहा था कि उनकी पत्नी को शव को छूने नहीं दिया जाए. अंतिम संस्कार में उपलों का इस्तेमाल न करने और अनावश्यक खर्च से बचने की बात भी उन्होंने लिखी थी. इसके अलावा उन्होंने अपनी आत्मा की शांति के लिए किसी धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं करने की इच्छा जताई.
देवदत्त ने संदेश में अपनी आत्मा के भटकते रहने की इच्छा भी लिखी थी. साथ ही भांजी को अपनी मां का ख्याल रखने के लिए कहा. यह संदेश सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया. पुलिस अब इस संदेश को भी जांच का अहम हिस्सा मानकर घटना की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है.
33 साल पहले हुई थी शादी, दो बेटे हैं
देवदत्त शर्मा की करीब 33 साल पहले सीमा रानी से शादी हुई थी. दंपति के दो बेटे हैं. बड़ा बेटा अभिषेक दुबई में नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा आदित्य चंडीगढ़ में फॉरेंसिक की पढ़ाई कर रहा है. आदित्य पावरलिफ्टिंग में भी उपलब्धियां हासिल कर चुका है.
देवदत्त के पिता महेंद्र शर्मा और माता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था. वह दो भाई-बहनों में बड़े थे. परिवार के मुताबिक, वह लंबे समय से जिम और बॉडी बिल्डिंग से जुड़े हुए थे. शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर सरसावा इलाके में उनका रॉक जिम स्थानीय स्तर पर जाना जाता था.
देवदत्त साल 2000 से अपने घर के पीछे रॉक जिम चला रहे थे. करीब दो साल पहले उन्होंने बालाजी ग्रुप ऑफ कॉलेज में क्लर्क के तौर पर काम शुरू किया था, जहां उन्हें लगभग 17 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था. इससे पहले वह तिलक राम सैनी गर्ल्स कॉलेज और इलामचंद सैनी गर्ल्स कॉलेज में भी नौकरी कर चुके थे.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सहायक क्षेत्राधिकारी नकुड़ पवन कुमार ने बताया कि 1 अगस्त को सरसावा थाना क्षेत्र के चिलकाना रोड स्थित ग्राम सलेमपुर में रॉक जिम संचालक देवदत्त शर्मा ने अपने आवास पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस के मुताबिक, मृतक ने घटना से पहले अपनी भांजी के मोबाइल पर एक सुसाइड नोट भेजा था.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस फिलहाल सुसाइड नोट, घटनास्थल और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.
अधिकारी के अनुसार, मामले में अभी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्महत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और सुसाइड नोट में बताए गए आरोपों व परिस्थितियों की पूरी सच्चाई क्या है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
राहुल कुमार