प्रयागराज में 'पारे का राज', गर्मी 44 डिग्री पार... सड़कों से संगम तक सन्नाटा

प्रयागराज में गर्मी के प्रकोप के बीच तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. इस भीषण गर्मी और लू के सितम के कारण शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है. संगम घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या कम हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक गर्मी के सितम से राहत मिलने की संभावना नहीं है.

Advertisement
प्रयागराज में गर्मी के कारण सड़कों से संगम तक ‘लॉकडाउन’ जैसे हालात प्रयागराज में गर्मी के कारण सड़कों से संगम तक ‘लॉकडाउन’ जैसे हालात

आनंद राज

  • प्रयागराज,
  • 19 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:38 PM IST

तपती दोपहरी और उबलता पारा... प्रयागराज इन दिनों गर्मी की भट्ठी में तब्दील हो गया है. प्रयागराज में मंगलवार, 19 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. जिससे शहर की सड़कें सूनी पड़ी हैं तो वहीं पवित्र संगम घाटों पर भी सामान्य भीड़ गायब हो गई है. हालात ऐसे हैं मानो अनौपचारिक लॉकडाउन लगा हो. 

प्रयागराज में लगातार दो दिनों से जारी तेज गर्मी ने पूरे शहर का मिजाज बदल दिया है. जहां सामान्य दिनों में सुबह-शाम चहल-पहल रहती है, वहां अब दोपहर में सन्नाटा पसरा है. लोग खुली धूप से बचने के लिए पेड़ों की छांव में बैठ रहे हैं. जिन्हें मजबूरी में बाहर निकलना पड़ रहा है, वे पूरे शरीर को ढककर, सिर पर कपड़ा लपेटकर निकल रहे हैं. 

Advertisement

सड़कों पर जानवर भी परेशान
गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि सड़क पर घूमने वाले कुत्तों और अन्य पशुओं पर भी साफ दिख रहा है. कई जगहों पर कुत्ते कारों के नीचे छांव तलाशते नजर आ रहे हैं, तो कुछ पेड़ों की छांव में लेटे दिखाई दे रहे हैं. आम आदमी भी पैदल चलते समय पहली प्राथमिकता पेड़ की छांव को दे रहा है. भीषण गर्मी और लू के सितम के बीच मोहल्लों में दोपहर के समय बिल्कुल सुनसान माहौल है.

संगम तट पर भी गर्मी का असर
पवित्र संगम तट, जहां सामान्य दिनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है, आज वहां भी सन्नाटा पसरा है. घाटों पर आने वाले श्रद्धालु कम संख्या में पहुंच रहे हैं. पूजा-पाठ कर रहे पुजारी और घाट कर्मचारी भी तेज धूप और लू से परेशान दिख रहे हैं. संगम की हवा भी गर्म हो चुकी है, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिलने के बजाय और तकलीफ हो रही है.

Advertisement

जिलाधिकारी ने गर्मी को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें लोगों से दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, खूब पानी पीने और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है.

यह बेतहाशा गर्मी न सिर्फ रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही है, बल्कि धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को भी ठप कर रही है. बाजारों में भी सुबह-शाम की कुछ चहल-पहल के अलावा दिन भर सन्नाटा पसरा रहता है. प्रयागराज को फिलहाल प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शुमार किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भी गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement