लखनऊ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां लोगों की जान बचाने वाली एंबुलेंस ही एक शख्स के लिए काल बन गई. दरअसल, लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में ड्यूटी पर जा रहे स्कूटी सवार दो लोगों को एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है.
मृतक की पहचान 40 वर्षीय आशीष कुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई है. आशीष और उनके पड़ोस में ही रहने वाले वेदांत सरोजनीनगर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक निजी दवा कंपनी में काम करते थे. रोज की तरह ही दोनों सुबह तैयार होकर ड्यूटी पर जा रहे थे. लेकिन उन्हें क्या पता था कि एंबुलेंस ही उनके लिए काल बन जाएगा. स्कूटी आशीष खुद चला रहे थे. वेदांत उनके पीछे बैठे थे.
कैसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, जब दोनों ट्रांसपोर्ट नगर के पार्किंग नंबर-9 के पास पहुंचे, तभी सामने से एक बाइक सवार रॉन्ग साइड से आ गया. सामने से आ रही बाइक को देखकर आशीष ने तुरंत स्कूटी में ब्रेक लगाया. इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस ने नियंत्रण खो दिया और स्कूटी को टक्कर मार दी.
यह टक्कर इतनी तेज थी कि आशीष और वेदांत दोनों स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए. हैरानी वाली बात तो यह है कि हादसे के बाद भी एंबुलेंस चालक ने ब्रेक नहीं लगाया और दोनों को कुचलकर वहां से फरार हो गया.
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर आधी रात को हादसा, आपस में टकराईं तेज रफ्तार तीन गाड़ियां, VIDEO
राहगीरों ने फौरन पुलिस को सूचना दी और दोनों को लोक बंधु अस्पताल ले गए. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित किया. वहीं, वेतांत हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उनका इलाज जारी है.
मृतक के घर पसरा मातम
आशीष के मौत की खबर सुनते ही उनके घर में चीख-पुकार मच गई. उनके परिवार में उनकी पत्नी ऋचा और उनका 8 साल का मासूम बेटा है. दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सरोजनीनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. यह पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार एंबुलेंस और उसके ड्राइवर की तलाश में जुटी है.
अंकित मिश्रा