नहाने गई थीं दो बहनें, गहरे पानी में समाईं जिंदगियां... कौशांबी हादसे से हर आंख नम

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया. मंझनपुर क्षेत्र के शरीफपुर माखूपुर गांव में तालाब में नहाने गईं दो चचेरी बहनों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि प्रशासन ने पीड़ित परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया.

Advertisement
एक साथ बुझ गए दो घरों के चिराग. (Photo: Akhilesh Kumar/ITG) एक साथ बुझ गए दो घरों के चिराग. (Photo: Akhilesh Kumar/ITG)

अखिलेश कुमार

  • कौशांबी,
  • 05 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:41 PM IST

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के शरीफपुर माखूपुर गांव में तालाब में नहाने गईं दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

जानकारी के मुताबिक, शरीफपुर माखूपुर गांव निवासी राकेश की 12 वर्षीय बेटी रागनी और राजेश की 13 वर्षीय बेटी संजना शुक्रवार को गांव के पास स्थित माखूपुर-शरीफपुर तालाब में नहाने गई थीं. दोनों आपस में चचेरी बहनें थीं और अक्सर साथ समय बिताती थीं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कौशांबी में तेज रफ्तार का कहर... दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, एक घायल

नहाने के दौरान दोनों किशोरियां अचानक तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गईं. देखते ही देखते दोनों पानी में डूबने लगीं. उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों ने तत्काल तालाब में रेस्क्यू अभियान शुरू किया. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरियों को पानी से बाहर निकाला.

इसके बाद दोनों को आनन-फानन में मंझनपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. यह खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

Advertisement

एक साथ दो मासूम बच्चियों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. गांव के लोग परिवारों को ढांढस बंधाने में जुटे हैं, लेकिन इस हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

दो चचेरी बहनों की एक साथ मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. परिजनों का कहना है कि सुबह तक घर में खुशियां थीं, लेकिन कुछ ही घंटों में सब कुछ बदल गया.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव के तालाब में पहले भी कई बार हादसे की आशंका जताई गई थी. हालांकि इस बार हुए हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है.

प्रशासन ने सहायता का दिया आश्वासन

हादसे की सूचना पर नायब तहसीलदार मोबीन अहमद भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.

प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवारों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया है. वहीं, गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं.

Advertisement

मामले में सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने से दो लड़कियों की मौत हुई है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »