'मैं IAS हूं...' कहकर लड़की ने की शादी, सच सामने आया तो पुलिस ने लिया एक्शन

बरेली में एक महिला पर खुद को IAS अधिकारी बताकर युवक से शादी करने का आरोप लगा है. पति का दावा है कि फेसबुक पर दोस्ती के बाद शादी हुई, लेकिन बाद में महिला के दावे फर्जी निकले. आरोप है कि उसने लाखों के जेवर हड़प लिए, 40 लाख रुपये मांगे और विरोध करने पर हत्या की कोशिश व झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
IAS बनकर शादी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया (Photo: Bareilly Police ) IAS बनकर शादी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया (Photo: Bareilly Police )

aajtak.in

  • बरेली ,
  • 14 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 1:50 PM IST

अब तक फर्जी पहचान बनाकर शादी करने के ज्यादातर मामलों में पुरुषों के नाम सामने आते रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के बरेली से सामने आए एक मामले ने सबको चौंका दिया है. यहां एक महिला पर खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी बताकर युवक से शादी करने, लाखों रुपये के जेवर हड़पने, 40 लाख रुपये की मांग करने और पति की हत्या का प्रयास करने का आरोप लगा है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. 

Advertisement

फेसबुक पर हुई दोस्ती, फिर प्यार और शादी

पुलिस के अनुसार, फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव पचौमी निवासी अभिषेक की पहचान सोशल मीडिया के जरिए बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के संतौत पट्टी ईशा गांव निवासी साधना से हुई थी. दोनों के बीच फेसबुक पर बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई. अभिषेक का आरोप है कि बातचीत के दौरान साधना खुद को IAS अधिकारी बताती थी. उसने दावा किया कि उसकी नियुक्ति केवल एक कोर्ट केस की वजह से रुकी हुई है और फैसला आते ही वह प्रशासनिक सेवा में जॉइन कर लेगी.

परिवार ने भी किया भरोसा दिलाने का दावा

शिकायत के मुताबिक, साधना के पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्यप्रताप और रिश्तेदार राजेंद्र सिंह ने भी अभिषेक और उसके परिवार को भरोसा दिलाया कि कोर्ट का मामला खत्म होते ही साधना की नियुक्ति हो जाएगी. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि साधना अपने प्रभाव से अभिषेक को भी सरकारी नौकरी दिलाने में मदद करेगी. इन्हीं दावों पर विश्वास कर अभिषेक ने 7 फरवरी 2025 को साधना से शादी कर ली.

Advertisement

शादी के बाद बदलने लगा व्यवहार

अभिषेक का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही साधना का व्यवहार बदल गया. उसने कोर्ट केस और नियुक्ति का हवाला देकर परिवार के जेवर और कीमती सामान अपने कब्जे में लेना शुरू कर दिया. पति का आरोप है कि साधना ने उसकी सोने की चेन, अंगूठी, उसकी मां के गहने समेत करीब 15 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और शादी में मिला अन्य कीमती सामान अपने पास रख लिया. एफआईआर के अनुसार, इसके बाद साधना ने परिवार पर 20 बीघा जमीन बेचकर अस्पताल बनवाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसने 40 लाख रुपये की मांग भी की. जब परिवार ने इसका विरोध किया तो साधना ने कथित तौर पर खुद को IAS अधिकारी बताते हुए झूठे मुकदमों में फंसाने, जेल भिजवाने और पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी.

पति का आरोप- गला दबाकर हत्या की कोशिश

मामले में सबसे गंभीर आरोप हत्या के प्रयास का है. अभिषेक ने पुलिस को बताया कि 12-13 मार्च 2026 की रात साधना ने कथित तौर पर उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की. किसी तरह वह बच निकला और तुरंत डायल-112 पर सूचना दी. इसके बाद गांव में पंचायत भी हुई. शिकायत में दावा किया गया है कि पंचायत के दौरान साधना ने जेवर अपने पास होने की बात स्वीकार की थी. अभिषेक ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि साधना पहले भी कई लोगों को झांसा देकर ठगी कर चुकी है. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.  पति ने 28 जून को फरीदपुर थाने में साधना और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कराया. एफआईआर में साधना के अलावा उसके पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्यप्रताप और रिश्तेदार राजेंद्र सिंह को भी नामजद किया गया है.

Advertisement

पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई करते हुए साधना को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, महिला पर पति की हत्या के प्रयास, जेवर हड़पने और अन्य गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है. मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »