राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह का बयान आया है. उन्होंने विनय कटियार का समर्थन करते हुए कहा कि राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से वे एक थे. उन्हें अशोक सिंघल का आशीर्वाद प्राप्त था. उन्होंने प्रशासन और आंदोलन के बीच एक कड़ी के रूप में काम किया और मंदिर आंदोलन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों की हो रही है उपेक्षा: बृज भूषण
सीबीआई ने सबसे पहले मुझे गिरफ्तार किया था. अगर यह सवाल उठाया जा रहा है कि राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों की उपेक्षा की जा रही है, तो यह 100% सही है. विनय कटियार ने बहुत ही अच्छा सवाल उठाया है और इसका परिणाम भी पार्टी ने भोगा है. आप अयोध्या हार गए, अंबेडकर नगर हार गए और बाराबंकी हार गए. बस्ती हार गए, देवीपाटन में कैसे 3 सीट मिली है आप जानते हैं.
आम लोगों को अयोध्या से काट दिया गया. आम लोगों के लिए रास्ते क्यों बंद किए गए. 200 रुपये दे दीजिए बैरियर तुरंत हट जाएगा. इसका परिणाम पार्टी ने भोगा है. आपको बता दें कि इस वक्त अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सुर्खियों में है. मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है.
मथुरा में भी उठा चढ़ावा चोरी का मामला
तीसरे दिन यानी कि बुधवार को भी एसआईटी मंदिर परिसर पहुंची. इस दौरान कई लोगों से पूछताछ की. हालांकि, इसी बीच अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी के मामले के बाद मथुरा के कृष्ण जन्मस्थान पर आने वाले चढ़ावे की सीबीआई जांच की जाने की मांग की गयी है. हिंदूवादी नेता दिनेश फलाहारी जिन्होंने स्वयं कृष्ण जन्म भूमि संघर्ष न्यास का गठन किया हुआ है और श्रीकृष्ण जन्मभूमि वाद के पक्षकार के रूप में केस लड़ रहे है.
फलाहारी ने कहा कि अध्यक्ष के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर श्री कृष्ण जन्म स्थान पर आने वाले चढ़ावे की सीबीआई जांच कराये जाने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कई वर्षों से लगातार चांदी की चोरी हो रही है. जब गुल्लकों को खोला जाता है तो सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए जाते हैं. रुपए, आभूषण, सोना, चांदी, हीरे जवाब सबका बंदरबांट कर लिया जाता है. जो प्रबंधन कमेटी वाले पहले स्कूटर पर आते थे आज करोड़ों की गाड़ियों में चलते हैं.
aajtak.in