आगरा की पॉश कॉलोनी कमला नगर में सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. समाजवादी पार्टी के नेता नितिन कोहली सीढ़ी लगाकर खुद गड्ढे के अंदर उतर गए और इसे पाताल लोक का रास्ता बताते हुए नगर निगम और सरकार पर निशाना साधा. इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कमला नगर की कई सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं. जगह-जगह बड़े गड्ढे होने की वजह से स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई.
यहां देखें Video
इसी मुद्दे को लेकर सपा नेता नितिन कोहली समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने पहले सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे के पास सीढ़ी लगवाई और फिर उसमें उतर गए. गड्ढे में खड़े होकर उन्होंने कहा कि यह सड़क नहीं, बल्कि पाताल लोक जाने का रास्ता बन गई है. उनका आरोप था कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन शहर की पॉश कॉलोनियों की सड़कें भी बदहाल हैं.
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सड़क की खराब हालत पर नाराजगी जताई. उनका कहना था कि बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है. दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है.
यह भी पढ़ें: रास्ते में गांव वालों ने रोप दिए धान के पौधे, गांव की जर्जर सड़क से परेशान होकर किया विरोध प्रदर्शन
सपा नेता ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की. उनका कहना था कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
इस पूरे विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. कई लोग इसे विरोध का अनोखा तरीका बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग सड़क की बदहाल स्थिति पर सवाल उठा रहे हैं. फिलहाल प्रशासन की ओर से इस प्रदर्शन पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. हालांकि स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वायरल वीडियो और विरोध प्रदर्शन के बाद सड़क की मरम्मत का काम जल्द शुरू होगा.
नितिन उपाध्याय