समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भाई और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया. प्रतीक यादव यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. राजनीति से दूर रहने वाले प्रतीक यादव अक्सर अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल, फिटनेस और करोड़ों की सुपरकारों को लेकर चर्चा में रहते थे.
उनकी सबसे चर्चित कारों में से एक थी करीब 5.28 करोड़ रुपये की लैंबोर्गिनी ह्यूराकैन. यह कार उस समय काफी सुर्खियों में आई थी, जब प्रतीक यादव ने खुद इसके साथ तस्वीरें शेयर की थीं. उस वक्त सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी चर्चा हुई थी.
कैसे खरीदी लैंबोर्गिनी
आजतक को दिए एक पुराने इंटरव्यू में प्रतीक यादव ने बताया था कि लग्जरी कार खरीदना उनके लिए सिर्फ शौक नहीं, बल्कि एक सपना था. उन्होंने कहा था कि करीब 10 साल पहले उन्होंने तय किया था कि एक दिन वह लैंबोर्गिनी जरूर खरीदेंगे. उन्होंने इसे अपने लक्ष्य की तरह लिया और मेहनत के दम पर उसे पूरा किया.
इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि अगर इंसान कोई गलत या गैरकानूनी काम नहीं कर रहा और अपनी मेहनत से कुछ हासिल करता है, तो उसे अपनी सफलता दिखाने में झिझक नहीं होनी चाहिए. उन्होंने यह भी बताया था कि जब लोगों ने उनकी लैंबोर्गिनी को लेकर आलोचना की, तब उन्होंने कुर्ता-पजामा पहनकर कार के साथ फोटो शेयर की थी और मजाकिया अंदाज में खुद को 'पहला कुर्ता-पजामा वाला मालिक' बताया था.
प्रतीक यादव ने उस दौरान यह भी कहा था कि बचपन से उन्हें महंगी गाड़ियों का काफी शौक था. उन्होंने बताया कि छोटे दिनों में पजेरो और लैंड क्रूजर जैसी गाड़ियों को देखकर उनमें भी वैसी कार खरीदने का सपना पैदा हुआ था. बाद में वही सपना लैंबोर्गिनी तक पहुंच गया.
देखें वीडियो
लग्जरी कारों के अलावा प्रतीक यादव फिटनेस को लेकर भी काफी लोकप्रिय थे. उन्होंने लखनऊ में हाई-एंड जिम शुरू किए और खुद भी रेगुलर वर्कआउट करते थे. सोशल मीडिया पर उनके ट्रांसफॉर्मेशन वीडियो और फिटनेस पोस्ट अक्सर वायरल होते रहते थे.
एक समय उनका वजन काफी ज्यादा था, लेकिन उन्होंने कड़ी मेहनत और फिटनेस के जरिए खुद को पूरी तरह बदल लिया. यही वजह थी कि कई युवा उन्हें फिटनेस इंस्पिरेशन के तौर पर भी देखते थे.
प्रतीक यादव की लग्जरी लाइफस्टाइल, सुपरकारों का पैशन और फिटनेस के प्रति उनका जुनून उन्हें हमेशा चर्चा में बनाए रखता था.
aajtak.in