Ladakh Most Beautiful Places: अगर आप ऐसी जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, जहां बर्फ से ढके पहाड़, नीली झीलें और रोमांच से भरपूर नजारे देखने को मिलें तो लद्दाख से बेहतर शायद ही कोई डेस्टिनेशन होगा. यहां की प्राकृतिक खूबसूरती और शांत वातावरण हर साल हजारों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. आइए जानते हैं लद्दाख की कुछ ऐसी जगहों के बारे में, जिन्हें आपको अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करना चाहिए.
पैंगोंग झील (Pangong Lake)
ऊंचे पहाड़ों के बीच फैली पैंगोंग झील अपनी नीले रंग की चमकदार पानी के लिए दुनिया भर में मशहूर है. इस झील का नजारा इतना खूबसूरत होता है कि यहां आने वाला हर पर्यटक इसकी सुंदरता में खो जाता है. यहां कई बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग भी हो चुकी है.
नुब्रा वैली (Nubra Valley)
नुब्रा वैली लद्दाख की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक मानी जाती है. यहां आपको रेतीले टीलों के बीच ऊंट की सवारी करने का अनोखा अनुभव मिलता है. इसके अलावा, चारों ओर फैले पहाड़ और शांत वातावरण इस जगह को और भी खास बनाते हैं.
मैग्नेटिक हिल (Magnetic Hill)
लद्दाख में स्थित मैग्नेटिक हिल काफी फेमस पर्यटन स्थल है. इस जगह की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां गाड़ियां बिना इंजन स्टार्ट किए भी अपने आप ऊपर की ओर चलते हुए दिखाई देते हैं. इसी अनोखी घटना के कारण यह जगह पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहती है.
थिकसे मठ (Thiksey Monastery)
थिकसे मठ लद्दाख के सबसे बड़े और प्रसिद्ध मठों में से एक है. यह मठ अपनी शानदार वास्तुकला और बौद्ध संस्कृति के लिए जाना जाता है. यहां आकर पर्यटक बौद्ध धर्म और लद्दाख की समृद्ध संस्कृति के बारे में काफी कुछ जान सकते हैं.
खारदुंग ला पास (Khardung La Pass)
खारदुंग ला पास दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल सड़कों में से एक माना जाता है. समुद्र तल से काफी ऊंचाई पर स्थित यह जगह एडवेंचर पसंद करने वाले पर्यटकों के लिए किसी सपने से कम नहीं है. यहां से दिखाई देने वाले बर्फीले पहाड़ों का नजारा बेहद शानदार होता है.
त्सो मोरीरी झील (Tso Moriri Lake)
अगर आप भीड़भाड़ से दूर नेचर के बीच सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो त्सो मोरीरी झील जरूर जाएं. पहाड़ों से घिरी यह झील अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए जानी जाती है.
जंस्कार घाटी (Zanskar Valley)
जंस्कार घाटी एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. यह जगह ट्रेकिंग, रिवर राफ्टिंग और बर्फीली नदियों के लिए मशहूर है. यहां की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और एडवेंचर एक्टिविटीज पर्यटकों को खूब पसंद आती हैं.
लेह पैलेस (Leh Palace)
लेह पैलेस लद्दाख की ऐतिहासिक धरोहरों में से एक है. तिब्बती शैली में बना यह महल अपनी खूबसूरत वास्तुकला के लिए जाना जाता है. यहां से पूरे लेह शहर का शानदार नजारा देखा जा सकता है. साथ ही, यह जगह लद्दाख के इतिहास और संस्कृति को करीब से जानने का मौका भी देती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क