अगर आप भी जयपुर की पुरानी हवेलियों और सुंदर किलों को देखकर वहां फोटोशूट कराने का मन बना रहे हैं, तो यह खबर आपके बड़े काम की है. अक्सर लोग सोचते हैं कि बस कैमरा उठाया और निकल गए, लेकिन जयपुर जैसी ऐतिहासिक जगहों पर अगर आपकी फोटो में वो राजा-महाराजाओं वाला 'रॉयल' टच नहीं आ रहा, तो समझिए कि आपकी टाइमिंग में कुछ गड़बड़ है. गुलाबी शहर की खूबसूरती को कैमरे में कैद करने का एक खास तरीका और समय होता है.
अगर आप सही वक्त चुन लें, तो आपकी फोटो में जयपुर का असली रंग और उसकी पुरानी हवेलियों की बारीकियां किसी फिल्म की तरह नजर आएंगी. तो चलिए जानते हैं कि आखिर जयपुर में फोटो के लिए आपको कब, कहां जाना चाहिए?
यह भी पढ़ें: गर्मियों से पहले एक बार देखनी है बर्फ, मार्च के लिए ये हैं 5 बेहतरीन डेस्टिनेशंस
सुबह का सुकून बेहतरीन नजारे
जयपुर की इन पुरानी जगहों पर फोटो खिंचवाने का सबसे बढ़िया समय सुबह 7 से 10 बजे के बीच का होता है. सूरज निकलने के कुछ घंटों तक धूप बहुत हल्की और नरम होती है. इस वक्त ली गई फोटो में चेहरे पर काली परछाई नहीं आती और बिल्डिंग का गुलाबी रंग भी बहुत प्यारा दिखता है.
इसके अलावा, एक और जादुई समय होता है दोपहर खत्म होने और सूरज ढलने से ठीक पहले का. इस दौरान पूरा शहर सुनहरी रोशनी से चमकने लगता है, जो आपकी तस्वीरों में एक अलग ही रौनक भर देता है.
सनसेट में नाहरगढ़ से दिखेगा सुनहरी रोशनी में डूबा पूरा जयपुर
शाम का वक्त नाहरगढ़ किले, जल महल जैसी जगहों के लिए एकदम सही है. जब सूरज ढलने लगता है, तो उसकी पीली रोशनी जल महल के पानी, नाहरगढ़ की दीवारों पर पड़कर एक बहुत ही सुंदर चमक पैदा करती है. अगर आप नाहरगढ़ की पहाड़ियों से पूरे जयपुर शहर की तस्वीर लेना चाहते हैं, तो शाम को सूरज ढलने का इंतजार जरूर करें. यह वक्त आपकी फोटो को बहुत शानदार और यादगार बना देगा.
यह भी पढ़ें: इस होटल में होगी रश्मिका और विजय की शादी,जानें क्यों है यह इतना खास
जयपुर में वैसे तो आप कभी भी जा सकते हैं, लेकिन फोटोशूट के लिए नवंबर से फरवरी का महीना सबसे अच्छा रहता है. सर्दियों की धूप बहुत सुहानी होती है. आप दिनभर बिना थके फोटोशूट कर सकते हैं. बस एक बात का खास ख्याल रखें कि कई पुरानी हवेलियों, किलों में प्रोफेशनल शूट के लिए पहले से इजाजत लेनी पड़ती है. अगर आप बड़े कैमरे या पूरी टीम के साथ जा रहे हैं, तो बेहतर होगा कि अपनी तैयारी पहले से कर लें ताकि वहां जाकर कोई दिक्कत न आए.
aajtak.in