जापान ओपन: सिंधु और प्रणॉय हारे, श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में

वर्ल्ड नंबर-3 पीवी सिंधु को चीन की 14वें नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ 55 मिनट में 18-21 19-21 से हार का सामना करना पड़ा.

Advertisement
पीवी सिंधु (getty) पीवी सिंधु (getty)

विश्व मोहन मिश्र

  • टोक्यो,
  • 13 सितंबर 2018,
  • अपडेटेड 2:59 PM IST

भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु पर थकान हावी रही, जिससे उन्हें सीधे गेमों में शिकस्त का सामना करना पड़ा. उधर, किदांबी श्रीकांत जापान ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे.

महिला एकल के दूसरे दौर के मुकाबले में सिंधु को चीन की गाओ फांग्जी के खिलाफ हार झेलनी पड़ी. पिछले लगभग एक साल में यह पहला मौका है, जब सिंधु किसी टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हुई हैं. भारतीय खिलाड़ी को चीन की दुनिया की 14वें नंबर की खिलाड़ी के खिलाफ 55 मिनट में 18-21 19-21 से हार का सामना करना पड़ा. सिंधु इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में डेनमार्क ओपन के पहले दौर में हार गई थीं.

Advertisement

दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत को हालांकि अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा और वह हांगकांग के वोंग विंग की विन्सेंट के खिलाफ 21-15 21-14 की जीत के साथ पुरुष क्वार्टर फाइनल में जगह बनाते हुए एशियाई खेलों में मिली हार का बदला चुकता करने में भी सफल रहे.

राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता सातवें वरीय श्रीकांत अगले दौर में कोरिया के ली डोंग क्युन से भिड़ेंगे. एचएस प्रणॉय को जाइंट किलर इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका के खिलाफ 14-21, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा.

सिंधु के लिए मौजूदा सत्र काफी व्यस्त रहा है. वह पांच फाइनल में पहुंचने में सफल रहीं, जिसमें राष्ट्रमंडल खेल, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेल जैसी तीन बड़ी प्रतियोगिताएं भी शामिल रहीं.

पुरुष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी को चीन के ही जिटिंग और टेन कियांग की जोड़ी के खिलाफ 18-21 21-16 12-21 से हार का सामना करना पड़ा. प्रणव जैरी चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी की मिश्रित युगल जोड़ी को चेन पेंग सून और गोह ल्यू यिंग की मलेशिया की जोड़ी के हाथों 16-21 16-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »