पांच बार की चैम्पियन टीम मुंबई इंडियंस (MI) की IPL 2022 सीजन में हालत खराब हो गई है. रोहित शर्मा की कप्तानी वाली इस टीम ने अब तक 5 मैच खेले और सभी में उसे हार झेलनी पड़ी है. टीम ने अपना 5वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ बुधवार को खेला, जिसमें 12 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी.
मुंबई टीम के पास यह 5वां मैच जीतने का शानदार मौका था, लेकिन अपनी ही कुछ गलतियों की वजह से उसे हार झेलनी पड़ गई. या कह सकते हैं कि मुंबई किस्मत में ही अब तक जीत नहीं लिखी होगी. वरना पंजाब के खिलाफ आखिरी ओवर में 22 रन बनना बड़ी बात नहीं थी.
दरअसल, पंजाब टीम के दिए 199 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई टीम ने 19 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 177 रन बना दिए थे. यहां जयदेव उनादकट 4 रन और मुरुगन अश्विन बगैर खाता खोले क्रीज पर थे. आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 22 रनों की जरूरत थी. स्ट्राइक पर उनादकट थे और पंजाब के कप्तान मयंक अग्रवाल ने गेंदबाजी की जिम्मेदारी ओडीन स्मिथ को सौंप दी.
उनादकट ने जीत के लिए कोशिश की
स्मिथ की पहली बॉल पर ही उनादकट ने डीप स्क्वेयर-लेग की ओर लंबा छक्का जड़ दिया. अगली बॉल पर उनादकट ने दो रन जुटा लिए. यहां से मुंबई को जीत से लिए 4 बॉल पर 14 रन की दरकार थी. तीसरी बॉल को उनादकट ने फिर छक्के के लिए खेलना चाहा, लेकिन बॉल बाउंड्री पार नहीं कर सकी और मंयक ने इसे कैच कर लिया. अगली ही बॉल पर नए बल्लेबाज जसप्रीत बुमराह भी कैच आउट हो गए.
आखिर में 2 बॉल पर 13 रन चाहिए थे. ऐसे में 5वीं बॉल खाली रही और आखिर में टायमल मिल्स कैच आउट हो गए. इस तरह आखिरी ओवर में ओडीन स्मिथ ने 9 रन देकर 3 विकेट निकाले और पंजाब टीम को 12 रन से जीत दिलाई.
ओडीन स्मिथ ने किया आखिरी ओवर
पंजाब टीम ने 12 रन से मैच जीता
मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 5 विकेट पर 198 रन बनाए थे. टीम के लिए शिखर धवन ने 50 बॉल पर 70 और कप्तान मयंक अग्रवाल ने 32 बॉल पर 52 रन की पारी खेली. मयंक को ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. जवाब में मुंबई की टीम 9 विकेट पर 186 रन ही बना सकी और 12 रनों से मैच गंवा दिया. टीम के लिए ब्रेविस ने 25 बॉल पर सबसे ज्यादा 49 रन बनाए. सूर्यकुमार ने 30 बॉल पर 43 रन जड़े.
aajtak.in