India Vs West Indies 5th T20I Score: भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में वेस्टइंडीज दौरे की शुरुआत टेस्ट सीरीज में जीत के साथ की थी. इसके बाद वनडे सीरीज पर भी कब्जा जमाया. मगर हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टी20 सीरीज में हार के साथ ही सीरीज का अंत किया है.
सीरीज के शुरुआती 2 मैच मेजबान विंडीज ने जीते थे. इसके बाद टीम इंडिया ने वापसी की और अगले दो मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर की थी. मगर पांचवें मैच में 8 विकेट से बुरी तरह हार झेलनी पड़ी और इस तरह भारतीय टीम ने यह सीरीज भी 2-3 से गंवा दी.
सूर्या ने फिफ्टी लगाकर टीम को संभाला
इस पूरी सीरीज में हार्दिक पंड्या की कप्तानी की जमकर आलोचना हुई है. आखिरी मैच में भी पंड्या की खराब कप्तानी देखने को मिली. टॉस जीतकर उन्होंने पहले बैटिंग का फैसला किया, जो गलत साबित हुआ. टीम ने 17 रनों पर ही 2 विकेट गंवा दिए थे. यशस्वी जायसवाल (5) और शुभमन गिल (9) जल्दी आउट हुए.
इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने 45 गेंदों पर 61 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को संभाला. इसके बदौलत भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 165 रन बनाए. विंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने 4 विकेट लिए, जबकि जेसन होल्डर और अकील हुसैन ने 2-2 विकेट लिए.
पांचवें और निर्णायक मैच का हाल
भारतीय टीम: 165/9 (20)
वेस्टइंडीज टीम: 171/2 (18)
पंड्या की कप्तानी भी सवालों के घेरे में रही
हार्दिक पंड्या ने बैटिंग भी बेहद धीमी की. उन्होंने 18 गेंदें खेलीं, जिस पर सिर्फ 14 रन बनाए. टी20 फॉर्मेट में यह बेहद धीमी पारी होती है. इसकी जमकर आलोचना भी हुई. इसके बाद गेंदबाजी में भी पंड्या ने पहला ओवर किया. यदि वो वेस्टइंडीज की तरह पहला ओवर किसी स्पिनर अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल या कुलदीप यादव से करा सकते थे.
आखिरी मैच में पंड्या की कप्तानी सवालों के घेरे में रही. उन्होंने शुरुआती 13 ओवरों तक अक्षर से गेंदबाजी नहीं कराई. जबकि मुकेश कुमार से भी एक ही ओवर कराया था. कुलदीप और चहल का भी सही इस्तेमाल नहीं कर सके. दूसरी ओर वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने पहला ओवर स्पिनर अकील हुसैन से कराया था. उन्होंने यशस्वी और गिल को जल्दी आउट किया था.
भारतीय टीम का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी टूटा
इस हार के साथ ही भारतीय टीम का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी टूट गया. यह रिकॉर्ड 5 मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज में अजेय रहने का है. दरअसल, भारतीय टीम अपने क्रिकेट इतिहास में पहली बार कोई 5 मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज हारी है. टीम इंडिया की यह पांच मैचों की 5वीं द्विपक्षीय सीरीज थी.
इससे पहले टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली थी. इस दौरान भारतीय टीम ने 4 में से 3 सीरीज जीती हैं, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक सीरीज 2-2 से बराबर रही थी. अब यदि भारतीय टीम सीरीज हारती है, तो यह रिकॉर्ड टूट जाएगा.
पांच मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज में भारत:
2019/20- न्यूजीलैंड के खिलाफ, भारत 5-0 से जीता
2020/21- इंग्लैंड के खिलाफ, भारत की 3-2 से जीत
2022- साउथ अफ्रीका के खिलाफ, सीरीज 2-2 से बराबर
2022- वेस्टइंडीज के खिलाफ, भारत की 4-1 से जीत
2023- वेस्टइंडीज के खिलाफ, भारतीय टीम 2-3 से हारी
वेस्टइंडीज ने 6 साल बाद भारत को सीरीज में हराया
मैच में 166 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने 2 विकेट गंवाकर 171 रन बनाते हुए यह मैच जीत लिया. वेस्टइंडीज टीम के लिए ब्रेंडन किंग ने 55 गेंदों पर नाबाद 85 रन बनाए. जबकि निकोलस पूरन ने 47 रन बनाए. जबकि भारतीय गेंदबाजी में कोई भी कमाल नहीं दिखा सका. तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और स्पिनर तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया. उनके अलावा कोई भी गेंदबाज विकेट लेने में सफल नहीं हो सका.
वेस्टइंडीज की बात करें तो उसने 6 साल बाद पहली बार किसी द्विपक्षीय टी20 सीरीज में भारतीय टीम को हराया है. इससे पहले उसे 2017 में जीत नसीब हुई थी. दोनों टीमों के बीच अब तक 9 द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली गई हैं. इसमें से भारतीय टीम ने 6 सीरीज जीतीं, जबकि 3 में उसे हार मिली है. भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज ने 2016 और 2017 में लगातार 2 सीरीज जीती थीं. उसके बाद से भारतीय टीम ने लगातार वेस्टइंडीज को 5 टी20 सीरीज में करारी शिकस्त दी. अब छठी सीरीज में हार मिली है.
aajtak.in