दांबुला में 15 जून को खेले गए इंडिया ए और श्रीलंका ए के मुकाबले के बाद हुए विवाद का असर अब खिलाड़ियों पर भी दिखा है. मैच समाप्त होने के बाद भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका ए के कुछ खिलाड़ियों के बीच हुई तीखी बहस और धक्का-मुक्की के मामले में श्रीलंका क्रिकेट ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है.
क्रिकबज़ की रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट ने उन खिलाड़ियों को दंडित किया है जो मैच के बाद हुए विवाद का हिस्सा थे. इनमें श्रीलंका के खिलाड़ी विशेन हलम्बगे का नाम भी शामिल है. यही वह खिलाड़ी थे जिनके साथ वैभव सूर्यवंशी की तीखी बहस हुई थी और विवाद बढ़ने पर दोनों खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बन गई थी.
हालांकि श्रीलंका क्रिकेट ने अभी तक सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस खिलाड़ी को कितनी सजा दी गई है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि झगड़े में शामिल खिलाड़ियों की मैच फीस में कटौती की गई है, लेकिन आधिकारिक तौर पर दंड की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.
इस मुकाबले में मैच रेफरी की जिम्मेदारी प्रदीप जयप्रगाश के पास थी और उनके लेल पर मामले का रिव्यू करने के बाद यह एक्शन लिया गया. फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस घटना को लेकर भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ कोई कदम उठाया गया है या नहीं.
बीच बचाव करने वाले डिकवेला भी नपे
रिपोर्ट में एक और दिलचस्प जानकारी सामने आई है. श्रीलंका ए के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला पर भी कार्रवाई हुई है. हालांकि डिकवेला उस विवाद में बीचबचाव करने वालों में शामिल थे.उन्होंने वैभव सूर्यवंशी और विशेन हलम्बगे को अलग कर मामला शांत कराने की कोशिश की थी.
बताया जा रहा है कि डिकवेला पर सूर्यवंशी-हलम्बगे विवाद की वजह से नहीं, बल्कि मैच के दौरान जरूरत से ज्यादा अपील करने के कारण अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई. इसी वजह से उन्हें भी दंड का सामना करना पड़ा.
ध्यान रहे इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच यह मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा था. रोमांचक अंदाज में खत्म हुए मैच के बाद खिलाड़ियों के बीच तनाव देखने को मिला, जिसके बाद अब श्रीलंका क्रिकेट ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित खिलाड़ियों पर कार्रवाई की है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क