पाकिस्तान को हराकर वर्ल्ड इलेवन ने टी20 सीरीज 1-1 से बराबर की

हाशिम अमला (नाबाद 72) की बेहतरीन पारी और अंत में थिसारा परेरा के 19 गेंदों में 46 रनों की बदौलत बुधवार को दूसरे टी-20 मैच में पाकिस्तान को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में सात विकेट से हरा दिया.

Advertisement
7 विकेट से जीती वर्ल्ड इलेवन टीम 7 विकेट से जीती वर्ल्ड इलेवन टीम

विश्व मोहन मिश्र

  • लाहौर,
  • 13 सितंबर 2017,
  • अपडेटेड 11:59 PM IST

वर्ल्ड इलेवन टीम ने रोमांचक मैच में हाशिम अमला (नाबाद 72) की बेहतरीन पारी और अंत में थिसारा परेरा के 19 गेंदों में 46 रनों की बदौलत बुधवार को दूसरे टी-20 मैच में पाकिस्तान को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में सात विकेट से हरा दिया. इसी के साथ उसने तीन टी-20 मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है.

Advertisement

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 174 रन बनाए. उसकी तरफ से कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं बना सका था. इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को वर्ल्ड इलेवन ने एक गेंद शेष रहते हुए तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया.

आखिरी ओवर में वर्ल्ड इलेवन को जीतने के लिए 13 रनों की दरकार थी. ओवर की पांचवीं गेंद पर परेरा ने छक्का मार वर्ल्ड इलेवन को जीत दिला दी.

तमीम इकबाल (23) और अमला ने 5.3 ओवरों में 47 रन जोड़ते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दी. इकबाल को सोहेल खान ने पवेलियन भेजा. टिम पेन सिर्फ 10 रनों का योगदान दे सके. वहीं कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 20 रन बनाए. यह दोनों 106 रनों के कुल स्कोर तक पवेलियन लौट चुके थे.

Advertisement

यहां से अमला को परेरा का साथ मिला और दोनों ने चौथे विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई. अमला ने अपनी पारी में 55 गेंदों का सामना किया और पांच चौकों सहित दो छक्के जड़े. परेरा ने अपनी पारी में एक भी चौका नहीं मारा और पांच छक्के लगाए.

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के लिए फखर जमान (21) और अहमद शहजाद (43) ने पहले विकेट के लिए 4.5 ओवरों में 41 रन जोड़े. खतरनाक दिख रहे फखर को लेग स्पिनर सैमुएल बद्री ने पवेलियन भेजा.

शहजाद ने बाबर आजम (45) के साथ मिलकर टीम को 100 के आंकड़े तक पहुंचा दिया था. इसी स्कोर पर लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने शहजाद को अर्धशतक पूरा करने से रोक दिया.

135 के स्कोर पर आजम भी बद्री का शिकार होकर पवेलियन लौट गए. अंत में शोएब मलिक ने 23 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 39 रनों की पारी खेल टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. मलिक पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement