इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च को होने जा रही है और इसका खिताबी मुकाबला 31 मई को होना है. पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) भी आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटी हुई है. सबकी निगाहें 44 साल के महेंद्र सिंह धोनी पर रहने वाली है, जो एक बार और आईपीएल में धूम मचाने जा रहे हैं.
वैसे नए सीजन की शुरुआत से पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. 31 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई पेसर हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं और समय पर फिट नहीं हो पाएंगे. सीएसके के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) काशी विश्वनाथन ने स्पोर्टस्टार से इस बात की पुष्टि की.
काशी विश्वनाथन ने कहा, 'यह हमारे लिए बड़ा झटका है. नाथन एलिस डेथ ओवरों में बेहद अहम गेंदबाज हैं. हम उनके रिप्लेसमेंट पर विचार कर रहे हैं.' नाथन एलिस के बाहर होने से ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स की रणनीति पर बड़ा असर पड़ सकता है.
अब डेथ ओवरों में कौन संभालेगा कमान?
चेन्नई सुपर किंग्स पिछले कुछ सीजन से डेथ ओवरों में मथीशा पथिराना पर निर्भर थी, लेकिन पिछले साल खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें रिलीज कर दिया गया था. ऐसे में एलिस का बाहर होना टीम के लिए परेशानी का सबब बन गया है. सीएसके मैनेजमेंट के मुताबिक, वेस्ट एशिया में चल रहे हालात के बावजूद विदेशी खिलाड़ियों के आने पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है.
अफगानी स्पिनर नूर अहमद टीम से जुड़ चुके हैं. वहीं इंग्लिश तेज गेंदबाज जेमी ओवर्टन जल्द पहुंचेंगे. डेवाल्ड ब्रेविस, मैट हेनरी, जकारी फाउलकेस, मैथ्यू शॉर्ट 22 मार्च तक जुड़ेंगे. जबकि अकील हुसैन 25 मार्च को टीम में शामिल होंगे. टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन भी गुरुवार को चेन्नई पहुंच गए और प्री-सीजन कैम्प जॉइन कर लिया.
सीएसके ने आईपीएल 2026 के लिए प्लेयर्स ऑक्शन से पहले ट्रेड डील के जरिए संजू सैमसन को राजस्थान रॉयल्स से अपने साथ जोड़ा था. सीएसके की टीम 1 मार्च से ही चेन्नई में ट्रेनिंग कर रही है. पहले हाई परफॉर्मेंस सेंटर में खिलाड़ियों ने अभ्यास किया. अब एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खिलाड़ी तैयारी कर रहे हैं. 23 मार्च को इंट्रा-स्क्वॉड मैच भी हो सकता है.
aajtak.in