इंग्लैंड के खिलाफ बल्ले से फ्लॉप होने के बाद वैभव सूर्यवंशी को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे थे. जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले ही मैच में उन्होंने तेज तर्रार पारी खेलकर टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई. 126 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने पारी का आगाज किया. जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को वैभव ने पहले ही ओवर से आड़े हाथ लेना शुरू कर दिया.
18 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों में ताबड़तोड़ अंदाज में अर्धशतक जड़ने का काम किया. हालांकि, 50 रन पूरा करते ही वह पवेलियन लौट गए. वैभव सूर्यवंशी ने 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 19 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली. वैभव सूर्यवंशी की पारी देख फैन्स भी गदगद हैं और वह सोशल मीडिया पर लगातार अपना रिएक्शन दे रहे हैं.
अभिषेक शर्मा रहे फ्लॉप
अभिषेक शर्मा इस मुकाबले में फॉर्म में नजर नहीं आए. ब्लेसिंग मुज़ारबानी की गेंद पर वह ब्रैड इवांस को एक आसान सा कैच दे बैठे. उन्होंने 8 गेंदों में सिर्फ एक रन ही बनाया. अभिषेक शर्मा के पास इस सीरीज में दो मैच और बचे हैं. अभिषेक की कोशिश बचे हुए मुकाबले में बल्ले से दमखम दिखाने की होगी.
जिम्बाब्वे ने बनाए थे 125 रन
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को जीत के लिए 126 रनों का लक्ष्य दिया था. टॉस हारकर मैदान में उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 125 रन बनाए. जिम्बाब्वे की ओर से वेस्ले मधेवेरे ने सबसे ज्यादा 39 रनों की पारी खेली. वहीं, रयान बर्ल ने 35 गेंदों में 26 रन बनाए, जिन्हें रवि बिश्नोई की गेंद पर तिलक वर्मा ने कैच आउट किया. कप्तान सिकंदर रजा ज्यादा कुछ खास नहीं कर सके और शिवम दुबे का शिकार बनकर केवल 4 रन पर पवेलियन लौट गए.
भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. मयंक यादव और प्रिंस यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके. इसके अलावा शिवम दुबे और रवि बिश्नोई को भी 1-1 सफलता मिली. भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज का आगाज जीत के साथ करना चाहेगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क