पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी मैच में बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया. लॉर्ड्स के मैदान पर रोहित ने शतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी थी. हालांकि, भारत तीसरा मुकाबला जीतने में सफल नहीं हो सका और सीरीज 2-1 से गंवा बैठे. तीसरे वनडे से पहले रोहित शर्मा के संन्यास की खबरों ने जमकर सुर्खियां बटोरी थी. लेकिन सवाल अभी भी वहीं है कि क्या रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट को भी अलविदा कह देंगे?
क्या रोहित लेंगे संन्यास?
इस मामले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इन सभी अटकलों पर पूरी तरह से विराम लगा दिया है. बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट से संन्यास नहीं ले रहे हैं और वे 50-ओवर फॉर्मेट में भारतीय टीम का अहम हिस्सा बने रहेंगे. हालांकि, रोहित शर्मा के साल 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलने पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है.
राजीव शुक्ला का बड़ा बयान
आगरा में आयोजित UP T20 लीग के मिनी-ऑक्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा कि रोहित शर्मा हमारी टीम का हिस्सा हैं और आगे भी खेलते रहेंगे. मीडिया और सोशल मीडिया पर जो खबरें चल रही हैं, उनका कोई वजूद नहीं है. फिलहाल उनके संन्यास का सवाल ही नहीं उठता.
लॉर्ड्स में बल्ले से दिया करारा जवाब
इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से पहले ऐसी खबरें आई थीं कि यह रोहित का भारत के लिए आखिरी वनडे मुकाबला हो सकता है. उस वक्त वे अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील करने के लिए जूझ रहे थे. लेकिन आलोचकों को रोहित ने अपने ही अंदाज में जवाब दिया. लॉर्ड्स वनडे में रोहित ने 138 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. हालांकि, भारत यह मैच हार गया, लेकिन रोहित के इस शतक ने कई सवालों के जवाब दे दिए.
संन्यास की अफवाहों पर रोहित ने क्या कहा?
रोहित शर्मा अब साल 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं? इस बात पर जमकर चर्चाएं की जा रही है. बीसीसीआई को दिए इंटरव्यू में रोहित ने अपने फॉर्म और संन्यास पर कहा कि मेरा काम बल्ले से प्रदर्शन करना और देश के लिए खेलना है. जब से डेब्यू किया है, बाहरी शोर हमेशा रहा है. जब तक खेलूंगा, यह रहेगा. मेरा ध्यान सिर्फ मैदान पर योगदान देने पर है. अगर शोर न हो, तो मज़ा भी नहीं आएगा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क