सचिन के रिकॉर्ड के करीब इस बल्लेबाज का करियर खत्म मानते हैं पीटरसन

32 वर्षीय एलिस्टर कुक 149 टेस्ट मैचों में अब तक 45.85 की औसत से 11,691 रन बना चुके हैं, जिसमें 31 शतक और 55 अर्धशतक शामिल हैं और वह सचिन तेंदुलकर के टेस्ट रनों से सिर्फ 4230 रन दूर हैं.

Advertisement
एलिस्टर कुक एलिस्टर कुक

विश्व मोहन मिश्र

  • पर्थ ,
  • 11 दिसंबर 2017,
  • अपडेटेड 1:17 PM IST

टेस्ट क्रिकेट में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के 15921 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंच चुके पूर्व इंग्लिश कप्तान एलिस्टर कुक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा एशेज सीरीज में बल्ले के साथ फ्लॉप रहे हैं.

इसके साथ ही उनके पूर्व साथी खिलाड़ी केविन पीटरसन ने एलिस्टर कुक के करियर पर सवाल उठाए हैं. 'ईएसपीएनक्रिकइन्फो' के अनुसार, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच से पहले पीटरसन की यह टिप्पणी सामने आई है.

Advertisement

पीटरसन ने कहा, 'इंग्लैंड के लिए कुक पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसे वह निभा नहीं पाए. जिस प्रकार से वह पिच पर जाते हैं और आउट होते हैं, उनके शरीर की चाल-ढाल से पता चलता है कि एक खिलाड़ी के तौर पर अब उनका करियर समाप्त हो गया है.'

पीटरसन ने कहा, 'मुझे ऐसा लगता है कि कुक की अधिक रुचि नहीं है. इसके अलावा, मार्क स्टोनमैन, जेम्स विंस, डेविड मलान ने भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया. जो रूट भी बड़ा स्कोर नहीं कर पाए.'

बता दें कि 32 वर्षीय एलिस्टर कुक 149 टेस्ट मैचों में अब तक 45.85 की औसत से 11,691 रन बना चुके हैं, जिसमें 31 शतक और 55 अर्धशतक शामिल हैं  और वह सचिन तेंदुलकर के टेस्ट रनों से सिर्फ 4230 रन दूर हैं.

पीटरसन ने कहा, 'पिछले दो टेस्ट मैचों में जिस प्रकार का प्रदर्शन हुआ है, उससे यह जाहिर होता है कि इंग्लैंड की टीम इस सीरीज में 5-0 से मात खा सकती है. टीम को पर्थ में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मैच में अच्छी शुरुआत करनी होगी.'

Advertisement

पीटरसन ने हालांकि यह भी कहा, कि 'मेरा मानना है इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही टीमों की बल्लेबाजी अच्छी नहीं है. इसलिए, मुझे लगता है कि दोनों टीमों की स्थिति में ज्यादा अंतर नहीं है. ऐसे में अगर इंग्लैंड पर्थ में खेले जाने वाले मैच में अच्छा प्रदर्शन करती है, तो वह जीत जाएगी.'

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement