बिहार के बगहा में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई. घटना नदी थाना क्षेत्र के नैनहा ढाला के पास हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, दौनाहा निवासी ब्यास यादव (32) और श्याम यादव (24) अपनी बहन के घर चनपटिया थाना क्षेत्र के बकुलहर गांव में शादी की ‘इमली घोंटने’ की रस्म में शामिल होकर देर रात बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान हादसा हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है.