त्योहारों का सीजन शुरू होने से ठीक पहले आम जनता की जेब पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है. बाजारों में चीनी के बढ़ते दामों ने त्योहारों की मिठास को फीका करना शुरू कर दिया है. पिछले महज एक महीने के भीतर ही चीनी की कीमतों में 15 फीसदी से भी ज्यादा का भारी उछाल देखने को मिला है. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 20 जुलाई को जो चीनी बाजार में 48.18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही थी, उसकी कीमत 20 अगस्त को बढ़कर 55.70 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है.