5 जुलाई को चंद्र ग्रहण लग रहा है. ये एक महीने के अंदर पड़ने वाला तीसरा ग्रहण है. साल का पहला ग्रहण 5 जून को लगा था, दूसरा ग्रहण था 21 जून को और इसी श्रृंखला में तीसरा ग्रहण 5 जुलाई को पड़ने वाला है. ये चंद्रमा का उपछाया ग्रहण है यानी चंद्रमा के ऊपर पृथ्वी की एक हल्की सी छाया पड़ेगी. ये ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा.
पंडित शैलेंद्र पांडे से जानते हैं कि इस चंद्रग्रहण की खास बातें क्या हैं और ये ग्रहण किन राशिवालों के लिए शुभ रहेगा.
इस ग्रहण की शुरुआत सुबह 8 बजकर 37 मिनट से होगी जो 11 बजकर 22 मिनट तक रहेगा. उपछाया ग्रहण होने और भारत में ना दिखाई देने की वजह से इस ग्रहण पर सूतक के कोई नियम लागू नहीं होंगे. यानी किसी को भी सूतक के नियम मानने की जरूरत नहीं है और किसी भी तरह के खान-पान पर पाबंदी नहीं है. इस दिन गुरु पूर्णिमा भी है और आप इस दिन पूजा भी कर सकते हैं.
ग्रहण का नाम सुनते ही लोगों के मन में नकारात्मक विचार आने लगते हैं. लोगों को लगता है कि ग्रहण का सिर्फ बुरा असर ही पड़ता है लेकिन ऐसा नहीं है.
ये ग्रहण धनु राशि और पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र में लग रहा है. धनु राशि आक्रामकता की राशि है. इस ग्रहण की वजह से देश-दुनिया में युद्ध और विवादों जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं.
चंद्रमा जलतत्व का अधिपति है इसलिए इस ग्रहण की वजह से भारत के कई हिस्सों में जल से संबंधित आपदाएं भी आ सकती हैं. 30 जून को बृहस्पति अपनी राशि बदल चुके हैं जिसकी वजह से अब धीरे-धीरे दुनिया भर में फैली महामारी में भी कमी आनी शुरू होगी.
ये ग्रहण तीन राशियों के लिए बहुत अच्छा रहने वाला है. इन राशियों के लिए ग्रहण के प्रभाव बहुत सुंदर दिखाई दे रहे हैं. यानी इनके जीवन में धन की स्थितियां बेहतर होंगी, करियर के अच्छे अवसर मिलेंगे, रूका या फंसा हुआ धन प्राप्त होगा और जीवन की बहुत सारी बाधाएं पार हो जाएंगी. आइए जानते हैं इन राशियों के बारे में.
कर्क- आपको भावनात्मक मामलों में थोड़ी दिक्कत हो सकती है लेकिन करियर और धन के मामले आपके लिए बेहतर होंगे. अगर आप नौकरी में किसी तरह का बदलाव करना चाहते हैं तो ये समय आपके लिए बहुत उत्तम रहने वाला है.
तुला- आपके शत्रु और विरोधी शांत होंगे. आपके रुके हुए काम इस ग्रहण की वजह से पूरे होंगे. इस ग्रहण के प्रभाव से आपको करियर में सफलता मिलेगी.
कुंभ- अगर आप अपने जीवन और करियर में किसी तरह का बदलाव करना चाहते हैं. तो ये ग्रहण आपके लिए बहुत सारे सकारात्मक परिणाम लेकर आने वाला है.