साल का छठा महीना जून कल से शुरू होने वाला है. ग्रहों की चाल के लिहाज से यह महीना बहुत खास माना जा रहा है. इस महीने सूर्य, मंगल, बुध, गुरु और शुक्र जैसे सभी बड़े ग्रहों का राशि परिवर्तन होने वाला है. गुरु, बुध और शुक्र तीनों ही इस महीने कर्क राशि में गोचर करते नजर आएंगे. इसके अलावा, कई ग्रहों का नक्षत्र परिवर्तन भी इस महीने होगा. ज्योतिषविदों की मानें तो यह महीना कई राशियों के लिए शुभ दिखाई दे रहा है तो कुछ को मिले-जुले परिणाम से संतोष करना होगा.
मेष राशि
जून का महीना आपकी बुद्धिमत्ता और संवाद क्षमता को मजबूत करेगा. मीठी वाणी और समझदारी के कारण आय बढ़ने की संभावना है. हालांकि दांपत्य जीवन में कुछ तनाव उत्पन्न हो सकता है, इसलिए परिवार में संतुलन बनाए रखें. महीने के अंतिम दिनों में स्वास्थ्य कमजोर पड़ सकता है, इसलिए किसी भी समस्या को हल्के में लेने से बचें और समय पर डॉक्टर की सलाह लें.
वृष राशि
यह महीना संतान पक्ष से चिंता दे सकता है. खर्चों में वृद्धि और वैवाहिक जीवन में खटास आने की आशंका है. रिश्तों में दूरी बढ़ सकती है, इसलिए सोच-समझकर व्यवहार करें. सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी, लेकिन माता की सेहत को लेकर चिंता बनी रह सकती है. प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे लोगों को अधिक मेहनत करनी होगी.
मिथुन राशि
जून में परिस्थितियां लगातार बदलती रहेंगी. महीने के मध्य तक कार्य और व्यापार में अस्थिरता तथा नुकसान के संकेत हैं, लेकिन अंत का समय राहत देगा. मेहनत का अच्छा फल मिलेगा और निर्णय सफल साबित होंगे. कुछ लोगों को आमदनी के नए अवसर मिल सकते हैं. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए समय अनुकूल रहेगा. स्वास्थ्य और विरोधियों से सावधान रहें. महीने के आखिर में संतान और शिक्षा से जुड़ी परेशानी संभव है.
कर्क राशि
आर्थिक मामलों में यह महीना लाभदायक साबित हो सकता है. करियर की बाधाएं दूर होंगी और विदेश से जुड़े कार्यों में सफलता मिलने के योग हैं. गर्भवती महिलाओं को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए. महीने के अंतिम चरण में घरेलू सुख कम हो सकता है, लेकिन बाहरी संपर्कों से लाभ मिलेगा. भावनाओं पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा.
सिंह राशि
जून आपके लिए मिश्रित अनुभव लेकर आएगा. कभी आध्यात्मिकता की ओर झुकाव रहेगा तो कभी मन भ्रमित हो सकता है. मेहनत और आलस्य दोनों साथ-साथ रहेंगे. आर्थिक दृष्टि से महीने का अंतिम भाग बेहतर रहेगा. जबकि शुरुआत में सतर्कता आवश्यक है. पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने की संभावना है. संतान प्राप्ति की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए समय अच्छा है.
कन्या राशि
महीने के शुरुआती 15 दिन संभलकर बिताने की आवश्यकता है. इसके बाद समय पूरी तरह आपके पक्ष में दिखाई देगा. मेहनत सफल होगी और हर कार्य में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. शिक्षा और प्रतियोगी क्षेत्रों में उपलब्धियां मिलेंगी. नए कार्यों की शुरुआत के लिए भी समय श्रेष्ठ है. बाहरी लोगों का सहयोग मिलेगा, लेकिन प्रेम और वैवाहिक रिश्तों में सावधानी जरूरी है.
तुला राशि
यह महीना रिश्तों को मजबूत करने के लिए बेहद शुभ माना जा सकता है. प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ेगी और पुराने मतभेद दूर हो सकते हैं. कर्ज से राहत मिलने के संकेत हैं. नई योजनाओं और साझेदारी के कामों में सफलता मिलने की संभावना है. कुछ लोग नया काम शुरू कर सकते हैं. हालांकि गर्भवती महिलाओं को सेहत का विशेष ध्यान रखना होगा.
वृश्चिक राशि
यह समय सतर्क रहने का संकेत दे रहा है. नए रिश्तों में पड़ना नुकसानदायक हो सकता है और पुराने संबंधों में भी तनाव बढ़ सकता है. दांपत्य जीवन में पहले से चल रही समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं. आर्थिक मामलों में नुकसान के योग हैं, इसलिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ें. अनावश्यक खर्च और गुस्से से दूरी बनाकर रखें.
धनु राशि
नई आय के साधन बनने की संभावना है. आपकी समझ और कार्य क्षमता दोनों मजबूत रहेंगी. सही दिशा में किए गए प्रयास लाभ देंगे. संतान से सुख मिलेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं या इंटरव्यू में सफलता के योग हैं. दूर स्थानों से जुड़े कार्य लाभ पहुंचाएंगे. प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी.
मकर राशि
धन का आगमन अच्छा रहेगा, लेकिन बचत करना कठिन हो सकता है. मानसिक और बौद्धिक कार्यों में सफलता मिलने के योग हैं. विरोधियों की वजह से भी लाभ की स्थिति बन सकती है. कर्ज लेने या चुकाने दोनों में सफलता मिल सकती है. रिश्तों के लिहाज से समय सामान्य रहेगा, लेकिन स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न करें.
कुंभ राशि
रिश्तों में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. नए संबंध बनने की संभावना है, लेकिन उन्हें निभाना आसान नहीं होगा. कुछ रिश्तों में दूरी या टूटन भी आ सकती है. साझेदारी में काम करने वालों को अधिक सावधानी रखनी चाहिए, क्योंकि विवाद और आर्थिक नुकसान दोनों संभव हैं. सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को आलोचना या कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
मीन राशि
दोस्तों और रिश्तेदारों से सहयोग मिलने के अच्छे संकेत हैं. विवाद और कानूनी मामलों में जीत मिल सकती है. हालांकि आय और स्वास्थ्य के मामले में समय चुनौतीपूर्ण रहेगा. आर्थिक प्रयासों का परिणाम देर से मिल सकता है. पढ़ाई में सफलता के लिए मन को एकाग्र रखना बेहद जरूरी होगा.
aajtak.in