Quote of the Day by Hazrat Ali: ज्ञान धन से बेहतर है क्योंकि ज्ञान तुम्हारी रक्षा करता है, जबकि धन की रक्षा तुम्हें करनी पड़ती है- हजरत अली
यह हजरत अली का बेहद मशहूर और गहरा विचार है. इसे अगर आज की भाषा में समझें, तो भौतिक धन (जैसे पैसा या संपत्ति) आपको सुख-सुविधाएं तो देता है, लेकिन साथ में कई चिंताएं भी लाता है. धन के खोने, चोरी होने या कम होने का डर हमेशा बना रहता है. असल में, हम धन के रक्षक बन जाते हैं, जो हमारे चैन को छीन लेता है.
ज्ञान: जो हर कदम पर साथ दे
वहीं दूसरी ओर, ज्ञान एक ऐसी कमाई है जिसे कोई चुरा नहीं सकता. यह आपको मुसीबतों में सुरक्षित रखता है. ज्ञान हमें सही-गलत का फर्क सिखाता है, जिससे हम गलत रास्तों पर जाने से बच जाते हैं. जिस तरह एक मशाल अंधेरे में रास्ता दिखाती है, उसी तरह ज्ञान हर मुश्किल समय में हमारा मार्गदर्शन करता है. यह खर्च करने से घटता नहीं, बल्कि बांटने से और बढ़ता है.
असली अमीरी क्या है?
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम सब केवल भौतिक सुखों के पीछे भाग रहे हैं. लेकिन हजरत अली का यह संदेश हमें याद दिलाता है कि असली अमीरी तिजोरियों में नहीं, बल्कि हमारे दिमाग और समझ में होती है. यदि आप अपने जीवन को वाकई सुरक्षित और शानदार बनाना चाहते हैं, तो धन कमाने के साथ-साथ ज्ञान की प्यास को भी जिंदा रखें. ज्ञान ही वह निवेश है, जो उम्र भर आपको सम्मान और सुरक्षा देगा.
कौन थे हजरत अली?
हजरत अली इब्न अबी तालिब (अ.स.) इस्लाम के चौथे खलीफा थे. वे हजरत मोहम्मद (स.) के चचेरे भाई होने के साथ-साथ उनके सबसे करीबी साथी भी थे. उन्हें उनकी बहादुरी के लिए शेर-ए-खुदा कहा जाता है. हजरत अली के ज्ञान के कारण उन्हें इल्म का दरवाजा माना जाता है. आज भी उनके उपदेश और न्याय के किस्से पूरी दुनिया को सही रास्ते पर चलने की सीख देते हैं.
aajtak.in