दूसरी बार हुआ ट्विशा का पोस्टमार्टम, मोर्चरी के बाहर फूट-फूटकर रोए परिजन

भोपाल में पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा मौत मामले में एम्स दिल्ली की टीम ने हाईकोर्ट के आदेश पर दूसरा पोस्टमार्टम शुरू किया. पोस्टमार्टम के दौरान मोर्चरी के बाहर परिजन रोते-बिलखते नजर आए. परिवार ने पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाते हुए डिटेल फोरेंसिक और रेडियोलॉजिकल जांच की मांग की है. ट्विशा 12 मई को ससुराल में मृत मिली थीं. मामले में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज है. समर्थ सिंह को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है.

Advertisement
एम्स दिल्ली की टीम ने हाईकोर्ट के आदेश पर दूसरा पोस्टमार्टम शुरू किया. Photo ITG एम्स दिल्ली की टीम ने हाईकोर्ट के आदेश पर दूसरा पोस्टमार्टम शुरू किया. Photo ITG

रवीश पाल सिंह

  • भोपाल,
  • 24 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:28 PM IST

भोपाल में पूर्व मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया. दिल्ली स्थित एम्स की चार सदस्यीय मेडिकल टीम ने भोपाल पहुंचकर ट्विशा का दूसरा पोस्टमार्टम शुरू कर दिया. यह कार्रवाई मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 22 मई के आदेश के बाद की जा रही है. वहीं, पोस्टमार्टम के दौरान शवगृह के बाहर परिवार के सदस्य रोते-बिलखते नजर आए.

Advertisement

भोपाल में होगा अंतिम संस्कार
ट्विशा शर्मा के परिवार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार रविवार शाम 5 बजे भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर किया जाएगा. परिवार ने भोपाल के लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं से अंतिम यात्रा में शामिल होने की अपील की है.

ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने कहा कि उनकी बेटी ने सपनों के साथ जीवन का नया अध्याय शुरू किया था, लेकिन उसे समय से पहले दुनिया छोड़नी पड़ी. उन्होंने कहा कि परिवार अब न्याय की उम्मीद में हर पल गुजार रहा है और यह सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति का दर्द है जो बेटियों की सुरक्षा और सम्मान में विश्वास रखता है.

पोस्टमार्टम को लेकर परिवार ने क्या कहा?
परिवार ने एम्स की मेडिकल टीम से अनुरोध किया है कि दूसरे पोस्टमार्टम में फोरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल जांच को शामिल किया जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पोस्टमार्टम में कई महत्वपूर्ण पहलुओं की ठीक से जांच नहीं की गई थी. परिवार ने ट्विशा के हाथों पर चोट के निशान, गर्दन और सर्वाइकल हिस्से की रेडियोलॉजिकल जांच, लिगेचर मार्क्स की डिटेल जांच और संरक्षित विसरा की टॉक्सिकोलॉजिकल जांच की मांग की है.

Advertisement

12 मई को चली गई थी ट्विशा शर्मा की जान 
गौरतलब है कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली थीं. परिवार ने उनके ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है. वहीं ससुराल पक्ष का दावा है कि ट्विशा नशे की लत से जूझ रही थीं.

इस मामले में पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और पूर्व जिला जज रही उनकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है. फरार चल रहे समर्थ सिंह को शुक्रवार को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था. भोपाल की अदालत ने शनिवार को उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया.

---- समाप्त ----
एजेंसी से इनपुट सहित

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement