मध्य प्रदेश में निवाड़ी जिले के सेंदरी थाना क्षेत्र में रविवार को हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. कॉल डिटेल के आधार पर यह पता चला कि मृतक युवक और युवती का प्रेम प्रसंग लंबे समय से चल रहा था और मृतक युवक शादीशुदा था. जांच में यह भी खुलासा हुआ कि लड़की की कुछ समय बाद शादी होने वाली थी, लेकिन इससे पूर्व लड़के ने लड़की की हत्या कर दी और खुद ने फांसी लगा ली.
दरअसल, रविवार को सेंदरी थाना क्षेत्र के पूछा की पहाड़ी ठिमरपुरा एमपी यूपी बार्डर पर एक युवती का धारदार हथियार से कटे हुए गले का शव मिला था. युवती के शव से करीब 60 फीट दूर पेड़ पर फांसी के फंदे पर एक युवक का भी शव मिला था. मृतक युवक की पहचान 24 साल के हरेंद्र केवट रूप में हुई जो टहरौली यूपी के सिरोनी गांव का निवासी था. मामला गंभीर होने के चलते पुलिस अधीक्षक डॉक्टर राय सिंह नरवरिया स्वयं इसकी जांच पर नजर बनाये हुए हैं. अभी तक हुई प्रारंभिक जांच में और मोबाइल के आधार पर पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया ने बताया कि दोनों मृतकों के बीच बातचीत होती थी. घटनास्थल क मौका मुआयना करने के बाद पुलिस को यह भी पता चला है कि जहां पर यह घटना हुई है सामान्य तौर पर वहां कोई आता जाता नहीं है.
मौके से पुलिस को कुछ खाने पीने का सामान और धारदार हथियार मिला है जिससे युवती की हत्या की गई है. पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है. इससे 60 फीट दूर एक पेड़ पर हरेंद्र केवट का फंदे पर लटका शव मिला है. पुलिस ने जांच में यह भी पता लगा लिया है कि पहले हरेंद्र ने धारदार हथियार से युवती का गला रेता, उसके बाद खुद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. अभी तक की जांच में पुलिस को पता चला है कि लड़की के घरवाले उसकी शादी कहीं ओर करने वाले थे और लड़के की शादी एक साल पहले हो चुकी है. बावजुद इसके वह युवती के साथ रिलेशनशिप में था.
घटना के एक दिन पहले शनिवार को लड़की घर से किसी काम का बोलकर निकली थी, रविवार सुबह तक जब लड़की नहीं मिली तो लड़की के परिजनों ने थाने पर शिकायत दर्ज कराई. उसका मोबाइल चालू था, इस कारण पुलिस को उसे ढूंढने में ज्यादा परेशानी नहीं आई. उसके बाद दोनों के शव पहाड़ी पर मिले. पुलिस अधीक्षक का कहना है कि ऐसा अनुमान है कि युवती युवक पर शादी के लिये दबाव बना रही होगी और लड़का शादीशुदा होने के कारण इनकार कर रहा होगा. इसी बात से आवेश में आकर उसने युवती की हत्या कर खुद भी फांसी लगा ली हो. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है दोनों पक्षों के परिजनों के बयान के बाद ही कुछ कहा जा सकता है. बहरहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेगी, उसके बाद ही पूरे मामले का पर्दाफाश हो पाएगा.
मयंक दुबे