How To Protect Skin In AC: घंटों AC में बैठते हैं तो सावधान! रूखा-बेजान हो सकता है चेहरा, डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताए बचाव के आसान तरीके

गर्मी में AC की ठंडी हवा आराम तो देती है, लेकिन लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से स्किन की नमी कम हो सकती है. चेहरा रूखा, बेजान और होंठ ड्राई होने लगते हैं. जानिए डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार AC से होने वाली स्किन ड्राईनेस के कारण और बचाव के आसान तरीके.

Advertisement
नियमित पानी पीते रहना चाहिए (PHOTO: AI) नियमित पानी पीते रहना चाहिए (PHOTO: AI)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 23 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 5:00 AM IST

अप्रैल के बाद से ही सभी जगहों पर AC चलना शुरू हो जाते हैं, यह गर्मियों और उसम वाले मौसम में चिलचिलाती गर्मी से राहत दिलाते हैं. इसी कारण घर, ऑफिस, कार और यहां तक कि शॉपिंग मॉल में भी घंटों लोग AC में बिताते हैं. यह आज हमारी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन चुका है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि लंबे समय तक एयर कंडीशनिंग में रहने का असर आपकी स्किन पर भी पड़ सकता है?

Advertisement

हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. शेफाली सैनी ने AC से स्किन पर होने वाले नुकसानों के बारे में खुलकर बात की.  उनके मुताबिक, जब कोई इंसान अचानक स्किन में ड्राईनेस, खिंचाव या सेंसिटिविटी फील करता है, तो सिर्फ मौसम ही नहीं बल्कि उसकी डेली रूटीन पर भी ध्यान देना चाहिए. लंबे समय तक AC ऑफिस, AC कार और AC कमरे में रहने से स्किन बैरियर प्रभावित हो सकता है.

AC में रहने से स्किन क्यों होती है ड्राई?

हमारी स्किन पर एक नेचुरल प्रोटेक्टिव लेयर होती है, जिसमें स्किन सेल्स, लिपिड्स और नेचुरल मॉइस्चराइजिंग फैक्टर्स शामिल होते हैं. यह लेयर स्किन में नमी बनाए रखने और बाहरी परेशानियों से बचाने में मदद करती है. AC कमरे की नमी यानी ह्यूमिडिटी को कम कर देता है, जिसकी वजह से वातावरण में त्वचा से पानी तेजी से वाष्पित होने लगता है. इसे ट्रांसएपिडर्मल वॉटर लॉस (TEWL) कहा जाता है.

Advertisement

लंबे समय तक ऐसा होने पर स्किन बैरियर कमजोर पड़ सकता है और त्वचा नमी को पहले की तरह बनाए नहीं रख पाती. शुरुआत में चेहरा धोने के बाद खिंचाव महसूस हो सकता है. इसके बाद स्किन रूखी, बेजान और खुरदरी नजर आ सकती है. कुछ लोगों को हल्की फ्लेकिंग या पहले से ज्यादा सेंसिटिविटी भी महसूस हो सकती है.

ड्राई और डिहाइड्रेटेड स्किन में फर्क

अक्सर लोग ड्राई और डिहाइड्रेटेड स्किन को एक ही समझ लेते हैं, जबकि यह दोनों अलग हैं. ड्राई स्किन एक स्किन टाइप है, जिसमें त्वचा प्राकृतिक तेल यानी सीबम कम बनाती है. वहीं डिहाइड्रेटेड स्किन एक अस्थायी स्थिति है, जिसमें त्वचा के अंदर पानी की कमी हो जाती है.

इसलिए ऑयली या एक्ने-प्रोन स्किन वाले लोगों को भी डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है. अगर दोपहर तक चेहरा ऑयली नजर आए, लेकिन साथ ही खिंचाव या असहजता महसूस हो, तो यह स्किन में नमी की कमी और कमजोर स्किन बैरियर का संकेत हो सकता है.

किन लोगों को ज्यादा सावधान रहना चाहिए?

सिर्फ ड्राई स्किन वाले ही नहीं बल्कि AC की वजह से होने वाली ड्राईनेस किसी को भी परेशान कर सकती है, लेकिन कुछ लोगों में इसका खतरा ज्यादा हो सकता है. जिनकी स्किन पहले से ड्राई या सेंसिटिव है या एक्जिमा या कमजोर स्किन बैरियर वाले लोग भी इसकी चपेट में आ जाते हैं. रेटिनॉइड या बेंजोयल पेरॉक्साइड जैसे एक्ने ट्रीटमेंट इस्तेमाल करने वाले लोगों में भी इसका असर जल्दी दिखाई देता है. लंबे समय तक सेंट्रली AC ऑफिस में काम करने वाले लोग और जो लोग अक्सर फ्लाइट से यात्रा करते हैं और ड्राई केबिन एयर के संपर्क में रहते हैं.

Advertisement

इन संकेतों को नजरअंदाज न करें

स्किन अक्सर ज्यादा ड्राई होने से पहले ही छोटे-छोटे संकेत देने लगती है. अगर आपको ये बदलाव नजर आ रहे हैं, तो अपनी स्किनकेयर रूटीन पर ध्यान देना जरूरी है. 

  1. चेहरा धोने के बाद स्किन में खिंचाव
  2. चेहरा बेजान या थका हुआ दिखना
  3. नियमित स्किनकेयर के बावजूद ड्राई स्किन
  4. होंठों का बार-बार सूखना
  5. मेकअप का फाइन लाइन्स में जमा होना
  6. ऐसे प्रोडक्ट्स से भी जलन होना जो पहले आसानी से सूट करते थे

AC में स्किन को ड्राई होने से कैसे बचाएं?

ड्राई स्किन होते ही लोग महंगे प्रोडक्ट्स की तरफ भागते हैं, जबकि डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, कुछ बेसिक आदतों को नियमित रूप से अपनाना ज्यादा अहम है.

जेंटल क्लींजर इस्तेमाल करें: ऐसा फेस वॉश चुनें जो गंदगी और अतिरिक्त ऑयल साफ करे, लेकिन स्किन की प्राकृतिक नमी न छीने. अगर चेहरा धोने के बाद बहुत ज्यादा खिंचा हुआ या असहज महसूस हो, तो आपका क्लींजर जरूरत से ज्यादा हार्श हो सकता है.

मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं: चेहरा धोने के तुरंत बाद, जब स्किन हल्की नम हो, तब मॉइस्चराइजर लगाना फायदेमंद हो सकता है. इससे त्वचा में नमी को बनाए रखने में मदद मिलती है.

होंठों की देखभाल करें: होंठों की नेचुरल प्रोटेक्शन लेयर चेहरे की त्वचा की तुलना में पतली होती है और उनमें ऑयल ग्लैंड्स भी नहीं होते. इसलिए डिहाइड्रेशन के संकेत होंठों पर जल्दी दिखाई दे सकते हैं. नियमित रूप से लिप बाम का इस्तेमाल करें.

Advertisement

सनस्क्रीन न छोड़ें: सिर्फ इसलिए सनस्क्रीन लगाना बंद न करें क्योंकि आप दिनभर घर या ऑफिस में रहते हैं. खिड़की के शीशे से UVA किरणें अंदर आ सकती हैं, जो समय से पहले स्किन की उम्र बढ़ने और पिग्मेंटेशन का कारण बनती हैं. 

स्किनकेयर रखें सिंपल

अगर आप दिन का ज्यादातर समय AC में बिताते हैं, तो अपनी रूटीन को आसान और नियमित रखें. सुबह जेंटल क्लींजर के बाद मॉइस्चराइजर लगाएं और आखिर में ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं. बहुत सारे एक्टिव प्रोडक्ट्स एक साथ इस्तेमाल करने के बजाय पहले स्किन बैरियर को मजबूत रखने पर ध्यान दें.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »