अक्सर लोग अपने घरों और बगीचों को सुंदर बनाने के लिए तरह-तरह के पेड़-पौधों को लगाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके लगाए कुछ पौधे सांपों को आपके घर की तरफ आकर्षित कर सकते हैं? सोशल मीडिया और आम धारणाओं में कई बार यह दावा किया जाता है कि कुछ पौधों की खुशबू सांपों को बहुत पसंद होती है. लेकिन साइंस और एक्सपर्ट्स की मानें तो मामला कुछ और ही है. सांप किसी पौधे की खुशबू से नहीं बल्कि उस पौधे के कारण बनने वाले माहौल की वजह से वहां आते हैं. आइए इसे डिटेल में समझते हैं.
क्यों पौधों के पास छिपते हैं सांप?
यूटा स्टेट यूनिवर्सिटी एक्सटेंशन की रिपोर्ट के मुताबिक, सांपों को जिंदा रहने के लिए ठंडी, नम और सुरक्षित जगहों की तलाश होती है. जब आपके गार्डन या घर के आसपास घने पौधे लगे होते हैं तो वहां सीधे धूप नहीं पहुंच पाती. इससे जमीन में नमी बनी रहती है और तापमान कम रहता है. सांपों का शरीर उनके आसपास के तापमान पर निर्भर करता है इसलिए वे गर्मियों में ऐसी ठंडी और छांव वाली जगहों को अपना ठिकाना चुनते हैं और इन पेड़ों के आसपास छिप जाते हैं.
लेमनग्रास और घनी झाड़ियां
आमतौर पर औषधीय गुणों के लिए इस्तेमाल होने वाला लेमनग्रास जब बहुत घना हो जाता है तो यह सांपों को छिपने की जगह बन जाता है क्योंकि लेमनग्रास का घना क्लस्टर जमीन के पास ठंडी छांव बना देता है.
इसके अलावा घनी बेलें जैसे कि जैस्मीन या इंग्लिश आईवी भी सांपों को सुरक्षा का अहसास कराती हैं. इन घने पौधों में कीड़े-मकौड़े, मेंढक और चूहे आसानी से पनपते हैं जो सांपों का मुख्य भोजन हैं. खाना और सुरक्षा एक ही जगह मिलने के कारण सांप वहां खिंचे चले आते हैं.
बगीचे को सांपों से सुरक्षित रखने के तरीके
यदि आप अपने घर को सांपों से सुरक्षित रखना चाहते हैं तो बगीचे की रेगुलर देखरेख करना सबसे जरूरी है. पौधों को समय-समय पर ट्रिम करते रहें ताकि वे जमीन के पास ज्यादा घने न हों. गमलों और पौधों के बीच खाली स्पेस रखें जिससे रोशनी बनी रहे. गिरे हुए पत्तों और मलबे को तुरंत साफ करें ताकि सांपों को छिपने के लिए कोई छिपी हुई जगह न मिल सके.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क