भारतीय घरों में दूध से मलाई निकालकर घी बनाना एक बेहद आम बात है. लेकिन अक्सर महिलाओं की यह शिकायत होती है कि हफ्ते-दस दिन मलाई इकट्ठा करने के बाद उसमें से अजीब सी बदबू आने लगती है, उसका रंग पीला पड़ जाता है या फिर उसमें फंगस लग जाती है.
मलाई को स्टोर करने की आसान ट्रिक्स
ऐसी मलाई से न तो अच्छा घी निकलता है और न ही वो सेहत के लिए सही होती है. अगर आप भी मलाई को लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं और चाहते हैं कि उससे दोगुना और दानेदार घी निकले तो आपको उसे स्टोर करने का सही तरीका पता होना चाहिए. आइए जानते हैं कुछ ऐसे आसान और असरदार किचन हैक्स जिनकी मदद से मलाई महीनों तक बिल्कुल फ्रेश रहेगी.
फ्रिज नहीं फ्रीजर का करें इस्तेमाल
अगर आप मलाई को 10-12 दिनों से ज्यादा समय के लिए स्टोर करना चाहते हैं, तो उसे फ्रिज के नीचे वाले हिस्से में रखने के बजाय हमेशा फ्रीजर बर्फ जमने वाले हिस्से में रखें. फ्रीजर में लो-टेंपरेचर के कारण मलाई में बैक्टीरिया या फंगस नहीं पनपते और वह महीनों तक बिल्कुल ताजा बनी रहती है.
कांच या एयरटाइट प्लास्टिक डिब्बे का चुनाव
मलाई को कभी भी खुले बर्तन या स्टील की कटोरी में खुला न छोड़ें. इसे हमेशा एक साफ, सूखे और एयरटाइट प्लास्टिक या कांच के कंटेनर में ही स्टोर करें. इससे मलाई फ्रिज की अन्य चीजों की महक नहीं सोखती और उसकी अपनी फ्रेशनेस बरकरार रहती है.
थोड़ा सा दही या जामन मिलाएं
मलाई को स्टोर करना शुरू करते ही पहले दिन डिब्बे में एक छोटा चम्मच दही (जामन) डाल दें. इसके बाद रोज उसी डिब्बे में मलाई इकट्ठा करते जाएं. दही में मौजूद गुड बैक्टीरिया मलाई को खराब होने या कड़वा होने से बचाते हैं और घी निकालते समय मलाई आसानी से मक्खन छोड़ देती है.
घी निकालने से पहले अपनाएं ये काम
जब आपको मलाई से घी निकालना हो तो उसे फ्रीजर से 4-5 घंटे पहले बाहर निकाल लें ताकि वह रूम टेम्परेचर पर आ जाए. अगर आपने इसमें दही मिलाया था तो घी निकालने से पहले इसे एक रात बाहर छोड़ दें. इससे मलाई अच्छे से सेट हो जाएगी और मथने पर बहुत कम समय में दोगुना और खुशबूदार घी बाहर आ जाएगा.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क