How to avoid bugs in green leafy vegetables: बारिश का मौसम आते ही गर्मी से राहत तो मिल जाती है, लेकिन इसके साथ ही कीड़े, मकौड़े, मक्खी-मच्छर भी बढ़ जाते हैं. बारिश में खाने की कच्ची और हरी सब्जियों का भी खास ध्यान रखना पड़ता है, खासतौर पर बारिश के दिनों में हरी सब्जियों बनाने से पहले उनको घंटों तक साफ करना पड़ता है, जिसकी वजह से लोग उनको खाना ही बनाने में आलस करने लगते हैं.
बारिश का मौसम आते ही बाजार में ताजी और हरी-भरी पत्तेदार सब्जियां खूब मिलने लगती हैं. पालक, मेथी, धनिया, सरसों, चौलाई और बथुआ जैसी सब्जियां पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं, लेकिन मानसून में इन्हीं सब्जियों में छोटे-छोटे कीड़े, अंडे, मिट्टी और बैक्टीरिया छिपे होने का खतरा भी बढ़ जाता है. अगर इन्हें बिना अच्छी तरह साफ किए इस्तेमाल किया जाए, तो पेट से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं. मगर कई लोग हरी सब्जियों को ठीक से साफ नहीं कर पाते हैं, इसलिए हम आपको इन्हें साफ करने का सही तरीका बताने जा रहे हैं.
सबसे पहले खराब पत्तियों को अलग करें
हरी सब्जी को साफ करने से पहले उसकी सभी पत्तियों को अलग-अलग कर लें. पीली, सड़ी हुई या कीड़ों से खराब पत्तियों को अलग करके निकाल दें. इससे बाकी पत्तियों को अच्छी तरह धोना आसान हो जाता है और गंदगी भी कम हो जाती है.
नमक वाले पानी में भिगोएं
पत्तियों को अलग-अलग करने के बाद एक बड़े बर्तन में साफ पानी लें और उसमें एक से दो चम्मच नमक मिलाएं. अब पत्तेदार सब्जियों को 10 से 15 मिनट तक इसमें भिगोकर रखें. नमक का पानी छोटे कीड़ों और उनकी गंदगी को बाहर निकालने में मदद करता है.
सिरके या बेकिंग सोडा का करें इस्तेमाल
अगर पत्ती वाली सब्जियों में कीटनाशकों के अवशेष होने का डर है, तो एक लीटर पानी में 2 से 3 चम्मच सफेद सिरका या 1 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर उसमें सब्जियों को 10 मिनट तक रखें. इसके बाद उन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इससे सतह पर मौजूद गंदगी और अवशेष हटाने में मदद मिलती है.
बहते पानी से अच्छी तरह धोएं
भिगोने के बाद पत्तियों को एक-एक करके बहते पानी में धोएं. सिर्फ एक बार पानी में डुबोकर निकालना काफी नहीं होता. बहते पानी से धोने पर मिट्टी, कीड़े और बाकी गंदगी बेहतर तरीके से निकल जाती हैं.
छलनी या सूती कपड़े पर सुखाएं
धोने के बाद सब्जियों को छलनी या साफ सूती कपड़े पर कुछ देर के लिए फैला दें, ताकि उसमें मौजूद एक्स्ट्रा पानी निकल जाए. बहुत ज्यादा गीली सब्जियां जल्दी खराब हो सकती हैं और उनका स्वाद पर भी असर होता है.
काटने से पहले नहीं, धोने के बाद काटें
हरी सब्जियों के साथ लोग सबसे ज्यादा यह गलती करते हैं कि उनको साफ करने से पहले धो लेते हैं. जबकि ऐसा करने से उसमें मौजूद विटामिन और मिनरल्स पानी के साथ निकल सकते हैं. इसलिए हमेशा पहले अच्छी तरह धोएं और उसके बाद ही काटें.
फ्रिज में रखने का सही तरीका
अगर सब्जियों का तुरंत इस्तेमाल नहीं करना है, तो उन्हें पूरी तरह सूखने के बाद पेपर टॉवल या सूती कपड़े में लपेटकर फ्रिज में रखें. इससे नमी कम रहेगी और सब्जियां ज्यादा समय तक ताजा बनी रहेंगी.
इन बातों का भी रखें ध्यान
बारिश के मौसम में पत्तेदार सब्जियों को हमेशा अच्छी तरह पकाकर खाना बेहतर माना जाता है. कच्चे सलाद के रूप में इनका सेवन करने से पहले सफाई का खास ध्यान दें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क