Gond Katira Side Effects: सावधान! गर्मी में गोंद कतीरा का शरबत पीना पड़ सकता है भारी, जानें किन लोगों को रहना चाहिए दूर

गोंद कतीरा गर्मियों में ठंडक तो देता है, लेकिन इसका अधिक सेवन पेट की समस्याओं, एलर्जी और लो ब्लड प्रेशर का कारण बन सकता है. डायबिटीज और कमजोर पाचन वाले लोगों को इसके इस्तेमाल में सावधानी बरतनी चाहिए. जानिए किसे इसका सेवन नहीं करना चाहिए और इसकी सही मात्रा क्या है.

Advertisement
गोंद कतीरा का शरबत लोग गर्मियों में पीते हैं. (PHOTO:ITG/AI) गोंद कतीरा का शरबत लोग गर्मियों में पीते हैं. (PHOTO:ITG/AI)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:16 PM IST

Gond Katira Side Effects: लगातार बढ़ रही गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए लोग घरों में ठंडा-ठंडा जूस, शरबत और ड्रिंक्स पीना शुरू कर देते हैं. सबसे खास बात यह है कि इस बार लोग बाजार में मिलने वाली कोल्ड ड्रिंक्स की बजाय घर पर देसी चीजों से बनी ड्रिंक्स ज्यादा पी रहे हैं. सत्तू, आम, बेल, तरबूज के अलावा गोंद कतीरा भी खूब इस्तेमाल किया जा रहा है. 

Advertisement

शरीर को गर्मी से राहत देने में गोंद कतीरा का शरबत बहुत काम आता है और लोगों को यह बहुत टेस्टी भी लगता है. इसकी तासीर ठंडी मानी जाती है, इसलिए तेज गर्मी और लू से बचने के लिए लोग इसे दूध, पानी या शरबत में मिलाकर पीते हैं. गोंद कतीरा शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और थकान कम करने में भी फायदेमंद माना जाता है.

हालांकि, हर चीज की तरह इसका जरूरत से ज्यादा सेवन शरीर को नुकसान भी पहुंचा सकता है. इसलिए गोंद कतीरा पीने से पहले इसके साइड इफेक्ट्स के बारे में जानना जरूरी जान लें. क्योंकि गोंद कतीरा सब लोगों के लिए फायदेमंद नहीं होता है, कुछ लोगों को इसे पीने से गंभीर नुकसान भी हो सकता है. आइए जानते हैं कि किन लोगों को इससे परहेज करना चाहिए. 

Advertisement

गोंद कतीरा के ज्यादा सेवन से हो सकते हैं ये नुकसान

पेट से जुड़ी परेशानियां

गोंद कतीरा में फाइबर की मात्रा काफी ज्यादा होती है, इसलिए अगर इसे अधिक मात्रा में खा लिया जाए तो पेट में गैस, ब्लोटिंग, कब्ज या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं. जिन लोगों का डाइजेस्टिव सिस्टम कमजोर होता है, उन्हें इसका सेवन बहुत सोच-समझकर करना चाहिए. 

ब्लड प्रेशर हो सकता है लो

इसके अलावा गोंद कतीरा शरीर की गर्मी कम करता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर शरीर में ज्यादा ठंडक हो सकती है. इससे कुछ लोगों को सर्दी-जुकाम, सुस्ती या कमजोरी महसूस होने लगती है. लो ब्लड प्रेशर वाले लोगों को भी इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए, क्योंकि यह बीपी को और कम कर सकता है.

एलर्जी की समस्या

इन सबके अलावा कुछ लोगों को गोंद कतीरा से एलर्जी हो सकती है, इसे पीने के बाद खुजली, स्किन रैश या सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्या दिखे तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें. 

डायबिटीज मरीज रहें सतर्क

गर्मियों में लोग घरों में अक्सर गोंद कतीरा का शरबत बनाते हैं और उसको टेस्टी बनाने के लिए शरबत में चीनी या मीठे सिरप डाला जाता है. ऐसे में इसे पीने से डायबिटीज मरीजों का शुगर लेवल बढ़ सकता है. 

 ज्यादा ठंडक से शरीर पर असर

Advertisement

गर्मी में ठंडक देने वाली चीजें अच्छी तो लगती हैं, लेकिन जरूरत से ज्यादा ठंडी तासीर वाली चीजें खाने से कुछ लोगों को सर्दी-जुकाम, कमजोरी या सुस्ती महसूस हो जाती है, इसलिए ऐसे लोगों को इसे कम मात्रा में ही पीना चाहिए.

किन लोगों को नहीं पीना चाहिए?

  1. गर्भवती महिलाओं को डॉक्टर की सलाह के बिना सेवन नहीं करना चाहिए.

  2. छोटे बच्चों को बहुत ज्यादा मात्रा में नहीं देना चाहिए.

  3. जिन लोगों को बार-बार डाइजेशन से जुड़ी दिक्कत रहती है, वे सीमित मात्रा में ही लें.

एक दिन में कितनी मात्रा सही है?

इनके अलावा इस बात का भी खास ध्यान रखना चाहिए कि इसकी कितनी मात्रा सही होती है. एक दिन में 1 छोटा गिलास गोंद कतीरा शरबत सही माना जाता है और इसे हमेशा अच्छी तरह भिगोकर और सीमित मात्रा में ही सेवन करें.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement