जून-जूलाई की चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए लोग लगातार AC-कूलर चलाते हैं. कई घरों में तो सेंट्रल AC लगे होते हैं. ये उन्हें गर्मी से तो राहत दिलाते हैं, लेकिन उनकी टेंशन बढ़ा देते हैं. AC-कूलर लगातार चलाने से बिजली का बिल बढ़ जाता है, जो ज्यादातर लोगों की सबसे बड़ी चिंता बन जाता है. ऐसे में लोग AC चलाने के बावजूद बिजली बचाने के लिए तरह-तरह के उपाय ढूंढते रहते हैं. इन्हीं में से एक उपाय घर के उन कमरों के AC वेंट (AC की हवा फेंकने वाली जाली) बंद कर देना होता, जिनमें कोई नहीं बैठा होता है. बहुत से लोगों को लगता है कि ऐसा करने से ठंडी हवा सिर्फ उन्हीं कमरों में पहुंचेगी जहां लोग मौजूद हैं और AC को कम मेहनत करनी पड़ेगी, जिससे बिजली का बिल भी कम आएगा.
सुनकर तो ये तरीका काफी असरदार लगता है, लेकिन सवाल ये है कि क्या सच में ऐसा होता है? आज इस खबर में हम यही जानेंगे कि ऐसा होता है या नहीं.
AC सिस्टम कैसे करता है काम?
सेंट्रल AC या HVAC सिस्टम पूरे घर को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाता है. ये कितनी हवा घर में भेजेगा ये पहले से ही तय होता है. जब आप किसी कमरे का वेंट बंद कर देते हैं, तो हवा का रास्ता ब्लॉक हो जाता है और सिस्टम पर एक्स्ट्रा प्रेशर पड़ने लगता है.
वेंट को बंद करने से हवा आसानी से बाहर नहीं निकल पाती, जिसकी वजह से AC का काम बढ़ जाता है और उसे ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इससे सिस्टम के अंदर प्रेशर बढ़ जाता है. लंबे समय तक अगर वेंट को बंद रखा जाए तो डक्ट्स, फैन या AC के किसी दूसरे हिस्से को नुकसान पहुंच सकता है. यानी जिस उपाय को आप पैसे बचाने के लिए कर रहे थे, वो आपको AC को नुकसान पहुंचा सकता है और उसे रिपेयर कराने के लिए खूब पैसा खर्च करना पड़ता है.
बिजली का बिल भी जरूरी नहीं कि कम हो
कई लोग सोचते हैं कि कमरों के वेंट बंद करने से बिजली की खपत घट जाएगी. लेकिन एक्सपर्ट के मुताबिक ऐसा जरूरी नहीं है. AC फिर भी लगभग उतनी ही हवा बनाने की कोशिश करता है, इसलिए बिजली के बिल पर बहुत कम फर्क पड़ता है या कई मामलों में बिल्कुल भी नहीं पड़ता.
घर के तापमान पर भी पड़ सकता है असर
कुछ कमरों के वेंट बंद करने से घर के अलग-अलग हिस्सों का टेंपरेचर इंबैलेंस हो सकता है. कहीं ज्यादा ठंडक होगी तो कहीं गर्मी बनी रहेगी. इससे पूरे घर को ठंडा बनाए रखना मुश्किल हो सकता है.
फिर बिजली बचाने का सही तरीका क्या है?
ये तरीका बिजली का बिल कम करने और पैसा बचाने के लिए बिल्कुल भी कारगर नहीं है. अगर आप AC का खर्च कम करना चाहते हैं, तो आप समय-समय पर AC की सर्विस करा सकते हैं, एयर फिल्टर साफ रख सकते हैं और घर की खिड़कियों-दरवाजों की सीलिंग ठीक रख सकते हैं. ये तरीके अपनाने से AC पर प्रेशर बढ़ाए बिना बिजली बचाने में मदद मिल सकती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क