कर्नाटक के धारवाड़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 29 वर्षीय स्टाफ नर्स प्रियंका कमलाकर की कथित तौर पर उनके पति ने गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार शादी के कुछ ही समय बाद से प्रियंका को दहेज की मांग, बॉडी शेमिंग और घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ रहा था. जांच में सामने आया है कि पति अक्सर उन्हें उनके बढ़े हुए वजन को लेकर अपमानित करता था और कहता था कि वह बच्चे पैदा नहीं कर सकतीं. इस मामले में पुलिस ने पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक प्रियंका कमलाकर की शादी दिसंबर 2024 में बसवराज वड्डार से हुई थी. परिवार को उम्मीद थी कि शादी के बाद प्रियंका की नई जिंदगी खुशहाल होगी, लेकिन आरोप है कि कुछ ही हफ्तों में उनका वैवाहिक जीवन प्रताड़ना में बदल गया. शिकायत के अनुसार पति और उसके परिवार के लोग लगातार प्रियंका पर मायके से नकदी और सोना लाने का दबाव बना रहे थे. एफआईआर के मुताबिक बसवराज वड्डार के साथ उसके परिवार के सदस्य रेनव्वा, सुभाष और सिद्धारामेश भी कथित तौर पर प्रियंका को परेशान करते थे. परिवार पर आरोप है कि वो दहेज की अतिरिक्त मांग करते थे और जब उनकी मांग पूरी नहीं होती थी तो प्रियंका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
मारपीट और गर्भपात के गंभीर आरोप
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि प्रियंका को उनके शरीर और वजन को लेकर लगातार ताने दिए जाते थे. शिकायत में कहा गया है कि पति अक्सर कहता था कि प्रियंका उससे ज्यादा मोटी हैं. वह यह भी पूछता था कि शादी के बाद अब तक वह गर्भवती क्यों नहीं हुईं. इन बातों को लेकर प्रियंका को बार-बार अपमानित किया जाता था. साथ ही उनसे मायके से नकदी और गहने लाने की मांग भी की जाती थी.
पुलिस के अनुसार यह प्रताड़ना सोमवार रात एक दर्दनाक घटना में बदल गई. आरोप है कि बसवराज वड्डार ने धारवाड़ जिले के नवलगुंड तालुक के हनासी गांव स्थित अपने घर में प्रियंका का गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी. इस कथित हत्या का खुलासा दो दिन बाद हुआ, जिसके बाद गांव में लोगों के बीच आक्रोश फैल गया. प्रियंका के परिवार ने उनकी शादीशुदा जिंदगी को बेहद दुखद बताया है. प्रियंका के चाचा का आरोप है कि बसवराज लगातार उनकी भतीजी के शरीर और वजन का मजाक उड़ाता था. वह अक्सर कहता था कि उसे प्रियंका पसंद नहीं हैं क्योंकि वह बहुत मोटी हैं. परिवार का आरोप है कि पति यह भी कहता था कि प्रियंका कभी मां नहीं बन सकतीं.
परिवार ने एक और गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि शादी के बाद प्रियंका दो बार गर्भवती हुई थीं, लेकिन पति की लगातार मारपीट के कारण दोनों बार उनका गर्भपात हो गया. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस आरोप की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है. प्रियंका के चाचा ने आरोप लगाया कि बसवराज अक्सर कहता था कि उसे प्रियंका पसंद नहीं हैं क्योंकि वह मोटी हैं और बच्चे पैदा नहीं कर सकतीं. उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार मारपीट के कारण प्रियंका को दो बार गर्भपात का सामना करना पड़ा. परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है.
चार आरोपियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा
पुलिस ने इस मामले में नवलगुंड पुलिस स्टेशन में हत्या, दहेज प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने बसवराज वड्डार के साथ रेनव्वा, सुभाष और सिद्धारामेश को भी गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है. यह मामला एक बार फिर घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और बॉडी शेमिंग जैसे गंभीर मुद्दों को सामने लेकर आया है. पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सगाय राज