हैदराबाद में महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपी ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया. अत्तापुर पुलिस उन्हें बुधवार सुबह अत्तापुर पुलिस स्टेशन लेकर पहुंची, जहां जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं. इसके बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने उन्हें नामपल्ली स्थित अदालत में पेश किया.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ट्रेनी आईपीएस अधिकारी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया और बाद में शहर की अदालत में पेश किया गया. हालांकि पुलिस ने मामले की जांच को लेकर अभी कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
यह मामला 18 जुलाई को दर्ज हुई एक शिकायत से जुड़ा है. 30 साल की महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने आरोप लगाया था कि 32 वर्षीय ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे. शिकायत के अनुसार 23 जून से आरोपी एक इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप के जरिए उन्हें यौन टिप्पणी वाले संदेश भेज रहा था. महिला अधिकारी का आरोप है कि अकादमी परिसर में भी वह दोस्तों के सामने उनके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करता था.
पुलिस ने ट्रेनी आईपीएस को हिरासत में लिया
महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उन पर एक अन्य ट्रेनी अधिकारी के साथ शारीरिक संबंध होने का झूठा आरोप लगाया. वह उन पर ऐसे संबंध स्वीकार करने का दबाव बनाता था और विरोध करने पर गाली-गलौज करता था. शिकायत के अनुसार 9 जुलाई को आरोपी ने महिला अधिकारी को जबरन रोक लिया और उन्हें अपने कमरे में ले गया. वहां उसने उनके बाल पकड़ लिए, गला दबाने की कोशिश की और चाकू उनकी गर्दन पर रख दिया. महिला अधिकारी का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें कमरे से बाहर जाने भी नहीं दिया.
महिला ट्रेनी आईपीएस अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि उदय कृष्णा रेड्डी ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका एक निजी वीडियो रिकॉर्ड किया. बाद में उसी वीडियो को उनके पति के पास भेजकर उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई.महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर अत्तापुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.
इनमें महिला की मर्यादा भंग करने की नीयत से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग, यौन उत्पीड़न, पीछा करना और महिला की मर्यादा का अपमान करने से जुड़े प्रावधान शामिल हैं. इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं. गिरफ्तारी से पहले मंगलवार को पुलिस ने उदय कृष्णा रेड्डी से इस मामले में पूछताछ भी की थी. इसके बाद बुधवार को उन्हें हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया. वहां से उन्हें अदालत में पेश किया गया.
सोशल मीडिया पोस्ट में आरोपी ने आरोपों को बताया था बेबुनियाद
मामला दर्ज होने के बाद उदय कृष्णा रेड्डी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अपने ऊपर लगे आरोपों और अफवाहों को बेबुनियाद बताया था. उन्होंने दावा किया था कि शिकायत में लगाए गए आरोप सही नहीं हैं. पुलिस के अनुसार उदय कृष्णा रेड्डी इससे पहले आंध्र प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
अब्दुल बशीर