तेलंगाना के राजन्ना सिरसिला जिले के थंगल्लापल्ली मंडल के केसीआर नगर में फूड पॉइजनिंग से 20 से ज्यादा बच्चे बीमार हो गए हैं. तबीयत बिगड़ने के बाद सभी बच्चों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बच्चों के माता-पिता और स्थानीय लोगों के मुताबिक, इन बच्चों ने सोमवार की शाम को एक लोकल ठेले वाले से पानी-पूरी (गुप-चुप) खाई थी.
मंगलवार की सुबह होते-होते कई बच्चों के पेट में तेज दर्द होने लगा. इसके साथ ही, उन्हें दस्त और उल्टी की शिकायत भी शुरू हो गई.
जैसे ही बीमार बच्चों की तादाद बढ़ने लगी, परेशान माता-पिता उन्हें लेकर जिला सरकारी अस्पताल पहुंचे. कुछ बच्चों को पास के प्राइवेट अस्पतालों में भी भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की एक पूरी टीम सभी बच्चों के इलाज में जुटी है.
सुबह से बिगड़ने लगी तबीयत
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मंगलवार सुबह से बच्चों में एक-एक करके ये लक्षण दिखने शुरू हुए थे. शाम होते-होते बीमार बच्चों का तादाद 20 के पार पहुंच गई. अचानक इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने से इलाके में हड़कंप मच गया है.
बच्चों के माता-पिता का कहना है कि ये सब सोमवार शाम को खाई गई पानी-पूरी की वजह से ही हुआ है. हालांकि, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने अभी तक बीमारी के असली कारण की ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है.
मेडिकल टीम लगातार बच्चों की हालत पर नजर बनाए हुए है. राहत की बात ये है कि अभी ज्यादातर बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है. प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि बीमारी की वजह सच में दूषित खाना था या कोई और कारण.
यह भी पढ़ें: पानी-पूरी बेचने वाले की बेटी ने पास किया नेट एग्जाम, आई 167वीं रैंक
सैंपल लेकर होगी जांच
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रहे हैं. इस फूड पॉइजनिंग की घटना की सही वजह का पता लगाने के लिए जल्द ही उस ठेले के खाद्य पदार्थों के सैंपल इकट्ठे किए जाएंगे. इन सैंपल्स को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा, जिससे पता लगाया जा सके कि पानी-पूरी में कोई खराबी थी या नहीं.
अब्दुल बशीर