यूट्यूब पर सीखा हत्या का तरीका, फिर रिश्तेदार के घर घुसकर 4 लोगों को उतारा मौत के घाट

तेलंगाना के नलगोंडा में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी ने ऑनलाइन वीडियो देखकर हत्या की पूरी साजिश रची थी. आर्थिक तंगी, पुरानी रंजिश और सोने के गहने लूटने की लालच में उसने रिश्तेदार के पूरे परिवार का बेरहमी से कत्ल कर दिया.

Advertisement
4 आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Representational) 4 आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Representational)

aajtak.in

  • नलगोंडा,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:52 PM IST

तेलंगाना के नलगोंडा जिले में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि परिवार का करीबी रिश्तेदार था. आरोपी ने इंटरनेट पर हत्या करने के तरीके से जुड़े वीडियो देखे और उसके बाद पूरी साजिश को अंजाम दिया.

Advertisement

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी सैयद असलम समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में असलम की पत्नी तबस्सुम, चोरी के गहने गिरवी रखने में मदद करने वाला उसका दोस्त और गहने गिरवी रखने वाला जौहरी भी शामिल है.

यह भी पढ़ें: नलगोंडा एनकाउंटर: HC ने तेलंगाना सरकार से एक हफ्ते में जवाब मांगा

दरअसल, यह सनसनीखेज वारदात 22 जून को सामने आई थी. पड़ोसियों ने घर से तेज दुर्गंध आने की शिकायत पुलिस से की थी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर चार लोगों के शव बरामद हुए.

आर्थिक तंगी और पुराने विवाद ने बनाया खूनी प्लान

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सैयद असलम हैदराबाद में कार ड्राइवर का काम करता है. उसकी आलीशान जिंदगी जीने की आदत और कर्ज के कारण आर्थिक हालत खराब हो गई थी. उसने पहले अपनी पत्नी की मौसी हसीना से 1 लाख रुपये उधार लिए थे.

Advertisement

कुछ समय बाद असलम ने नई कार खरीदने के लिए फिर से 1 लाख रुपये की मांग की. लेकिन हसीना ने यह कहते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया कि उसने पहले लिए गए कर्ज का ब्याज तक नहीं चुकाया है. पुलिस के अनुसार इसी बात से असलम अपमानित महसूस कर रहा था.

जांच में यह भी सामने आया कि असलम की पत्नी तबस्सुम भी हसीना से नाराज थी. दरअसल, तबस्सुम के पहले पति ने कभी उसकी मां के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके लिए वह हसीना को जिम्मेदार मानती थी. इसी वजह से उसने भी अपने पति को हसीना के घर चोरी और वारदात के लिए उकसाया.

ऑनलाइन वीडियो देखकर बनाई हत्या की पूरी रणनीति

पुलिस के मुताबिक आर्थिक तंगी, सोने के गहने लूटने की लालच और पुरानी रंजिश के चलते असलम ने इंटरनेट पर हत्या करने के तरीके से जुड़े वीडियो (YouTube) देखे. इसके बाद उसने पूरी वारदात की योजना तैयार की.

19 जून की तड़के वह हसीना के घर पहुंचा और चाकू से हमला कर सबसे पहले हसीना की हत्या कर दी. इसके बाद उसने हसीना के पति और उनके दो बच्चों पर भी हमला कर दिया.

पुलिस ने बताया कि 12 साल की बच्ची अपनी जान बचाने के लिए पलंग के नीचे छिप गई थी. लेकिन असलम ने उसे भी ढूंढ निकाला और इसलिए मार डाला ताकि कोई भी प्रत्यक्षदर्शी जिंदा न बचे.

Advertisement

गहने लूटकर भागा, दोस्त की मदद से गिरवी रखे

चारों हत्याओं के बाद आरोपी घर में रखे सोने के गहने, जमीन से जुड़े दस्तावेज और बैंक के कागजात लेकर फरार हो गया. इसके बाद उसने अपने एक दोस्त की मदद से हैदराबाद के एक जौहरी के यहां चोरी के गहने गिरवी रख दिए.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इन गहनों के बदले करीब 5.30 लाख रुपये हासिल किए. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया.

फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी, दोस्त और गहने गिरवी रखने वाले जौहरी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है और चोरी किए गए सामान की बरामदगी की प्रक्रिया भी जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »