'किसी को गिफ्ट में बच्चा देना था', मां बाप के साथ सो रही नवजात को उठा ले गए किडनैपर, VIDEO

हैदराबाद में फुटपाथ पर सो रहे दंपति के पास से छह महीने की बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बच्ची को निसंतान रिश्तेदार को देने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है और पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है.

Advertisement
मां बाप के साथ सो रही नवजात को उठा ले गए किडनैपर (Photo: itg) मां बाप के साथ सो रही नवजात को उठा ले गए किडनैपर (Photo: itg)

अब्दुल बशीर

  • हैदराबाद,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:18 AM IST

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में छह महीने की मासूम बच्ची के अपहरण का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मालूम हुआ कि आरोपियों ने बच्ची को एक निसंतान रिश्तेदार को गिफ्ट करने के लिए इस पूरी साजिश को अंजाम दिया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है और पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं.

Advertisement

पुलिस के अनुसार घटना नारायण मल्ला रेड्डी अस्पताल के पास की है, जहां एक परिवार फुटपाथ पर सो रहा था. इसमें दंपति और उनकी चार बेटियां थे. इसी दौरान आरोपियों की नजर परिवार की सबसे छोटी बच्ची पर पड़ी. जांच में सामने आया कि आरोपी महिला श्रीदेवी अपनी निसंतान भाभी को लेकर भावनात्मक रूप से परेशान थी और परिवार में खुशी लाने के लिए किसी बच्चे को किडनैप करने की योजना बना रही थी.

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की. उन्होंने अस्पताल के आसपास कई बार चक्कर लगाए और परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी. जब उन्हें यकीन हो गया कि परिवार गहरी नींद में है, तब वारदात को अंजाम दिया गया.

बताया गया कि 4 मई की तड़के दो आरोपी चुपके से फुटपाथ पर पहुंचे और मां के पास सो रही छह महीने की बच्ची को उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए. उसी समय परिवार की नींद खुली लेकिन जबतक वे कुछ समझ पाते, आरोपी फरार हो गए. परिवार में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई.

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने बच्ची को राजेंद्रनगर इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया. इसके बाद पांच लोगों को हिरासत में लिया गया.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है. फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और उसे परिवार को सौंप दिया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement