तेलंगाना से एक अजीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां जगतियाल ज़िले के कोरुटला बस स्टैंड से तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (TGSRTC) की एक खड़ी बस चुरा ली गई. शराब के नशे में शराबी चोर जब बस लेकर भागने लगा तो पुलिस ने उसका 18 किलोमीटर तक पीछा किया. हालांकि आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ़्तार कर लिया. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी.
पुलिस के अनुसार आरोपी की नज़र कोरुटला बस स्टैंड पर खड़ी एक ऐसी बस पर पड़ी, जिसके आस-पास कोई नहीं था. उसने बस स्टार्ट की और मेटपल्ली की ओर ले गया. बस के GPS ट्रैकिंग सिस्टम की मदद से RTC सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसका पीछा करना शुरू किया.
जांच में जुटी पुलिस
पीछा किए जाने के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर तीन दो-पहिया वाहनों और एक पुलिस वाहन को टक्कर मारी. जिससे वाहन चालकों में दहशत फैल गई. आखिरकार पुलिस ने मेटपल्ली के पास हाईवे को ब्लॉक कर दिया, जिससे ड्राइवर का बस पर से नियंत्रण खो गया और बस सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. जिसके बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर गिरफ़्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरी के पीछे के मकसद की जांच कर रही है. अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि आरोपी बस तक कैसे पहुंचा और उसे कैसे चलाकर ले गया?
अब्दुल बशीर