टीडीपी और बीजेपी क्यों खेल रहे हैं चूहे बिल्ली का खेल?

आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जे की मांग को लेकर जहां राज्य में दिन-ब-दिन राजनीति गर्माती जा रही है, वहीं मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को विधानसभा में एलान भी कर दिया कि उनके दोनों मंत्री मोदी सरकार से इस्तीफा दे चुके हैं.

Advertisement
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और पीएम मोदी मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और पीएम मोदी

अजीत तिवारी / अशोक सिंघल / बालकृष्ण / खुशदीप सहगल

  • नई दिल्ली,
  • 08 मार्च 2018,
  • अपडेटेड 6:07 PM IST

केंद्र सरकार से तेलुगू देशम के दो मंत्रियों के इस्तीफे को लेकर गुरुवार को दिन भर असमंजस की स्थिति बनी रही. फिर जाकर ये बात सामने आई कि तेलुगू देशम के दोनों मंत्री यानि अशोक गणपति राजू और वाईएस चौधरी शाम को प्रधानमंत्री से मिलने के बाद इस्तीफा सौंप देंगे.

आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जे की मांग को लेकर जहां राज्य में दिन-ब-दिन राजनीति गर्माती जा रही है, वहीं मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को विधानसभा में एलान भी कर दिया कि उनके दोनों मंत्री मोदी सरकार से इस्तीफा दे चुके हैं. वहीं दिल्ली में कुछ और ही देखने को मिला. तेलुगू देशम के दोनों मंत्री चाहते थे कि इस्तीफा देने से पहले वे सदन में अपनी बात रखें. राजू जहां लोकसभा के सदस्य हैं वहीं चौधरी राज्यसभा के.

Advertisement

तेलुगू देशम की पूरी कोशिश थी कि सदन में अपनी बात रख कर आंध्र प्रदेश के लोगों तक संदेश पहुंचाए कि वो आंध्र के विशेष दर्जे को लेकर किस हद तक जा सकती है और केंद्र से दोनों मंत्रियों तक को हटा सकती है. दरअसल, लोकसभा चुनाव के साथ आंध्र प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं और वहां विपक्ष आंध्र प्रदेश से केंद्र की तरफ से हो रहे व्यवहार को बड़ा मुद्दा बना रहा है. ऐसे में चंद्रबाबू नायडू के सामने भी केंद्र के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने के अलावा कोई रास्ता नहीं था.  

फिलहास टीडीपी के मंत्री नहीं दे रहे इस्तीफा

ये बात दूसरी है कि गुरुवार को संसद नहीं चलने की वजह से तेलुगू देशम के दोनों मंत्रियों को बोलने का मौका ही नहीं मिला. तेलुगू देशम पार्टी की तरफ से यह साफ किया गया है कि फिलहाल सिर्फ मंत्री इस्तीफा  दे रहे हैं लेकिन NDA को  समर्थन जारी रहेगा.

Advertisement

तेलुगू देशम पार्टी की चिंता यह है कि आंध्र प्रदेश में जगन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस और कांग्रेस दोनों इस बात को तूल दे रहे हैं कि केंद्र सरकार में शामिल होने के बावजूद चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य का दर्जा हासिल नहीं कर सके.

जगन रेड्डी लगातार लोगों के बीच घूम-घूमकर तेलुगू देशम पार्टी के खिलाफ माहौल बनाने में जुटे हुए हैं. ऐसे में तेलुगू देशम पार्टी के लिए यह जरूरी है कि आंध्र प्रदेश के लोगों के बीच यह संदेश जाए कि आंध्र प्रदेश की बेहतरी के लिए वह सत्ता छोड़ने को तैयार हैं.

अब नायडू को मिल रहे सिर्फ आश्वासन

चंद्रबाबू नायडू इससे पहले इस बात के लिए जाने जाते थे कि दबाव बनाकर केंद्र सरकार से राज्य के लिए धन ले आते थे. इससे पहले भी जब अटल बिहारी वाजपेई के समय चंद्रबाबू नायडू दिल्ली आते थे तो कहा जाता था कि कभी खाली हाथ नहीं लौटते. लेकिन इस बार चंद्रबाबू नायडू को पैसे से ज्यादा सिर्फ आश्वासन मिल रहा है. बीजेपी भी जानती है कि तेलुगू देशम नाराजगी भले दिखा ले लेकिन उसके पास आंध्र प्रदेश में ज्यादा विकल्प नहीं है. इसीलिए बीजेपी  तेलुगू देशम पार्टी को मनाने की कोशिश तो कर रही है लेकिन उस की धमकी को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित नहीं है.

Advertisement

टीडीपी के साथ अन्य सहयोगी भी नाराज

बीजेपी के इस रवैये से सिर्फ तेलुगू देशम नहीं बल्कि दूसरे सहयोगी दल जैसे शिवसेना भी नाराज हैं. अकाली दल बादल से भी खुसपुसाहट के संकेत आ रहे हैं. सहयोगी दलों को लगता है कि उन्हें अब वैसा महत्व नहीं मिलता जैसा अटल बिहारी वाजपेयी के समय सहयोगी दलों को मिलता था. दरअसल जिस समय अटल बिहारी वाजपेई प्रधानमंत्री थे उस समय एनडीए को सत्ता में बने रहने के लिए सहयोगी दलों के समर्थन की सख्त दरकार थी. क्योंकि वाजपेयी के समय बीजेपी के पास अपने दम पर  बहुमत नहीं था. लेकिन मोदी और अमित शाह की जोड़ी के दम पर बीजेपी लगातार एक के बाद एक राज्य में चुनाव जीत रही है, वहीं लोकसभा में भी उनके पास बहुमत है.

नाराजगी के बाद भी एनडीए के साथ है शिवसेना

शिवसेना इस बात को देख चुकी है कि बीजेपी से जब ज्यादा झगड़ा बढ़ा तो बीजेपी  ने शिवसेना को दो टूक कहा कि अगर उन्हें अलग जाना है तो जा सकते हैं. शिवसेना जानती है कि बीजेपी एक तरफ एनसीपी के साथ भी संबंध बना रही है, यही वजह है कि ऐसी अटकलें लगती रहती हैं कि शरद पवार बीजेपी का दामन थाम सकते थे. इन हालात में तमाम नाराजगी जताने के बाद भी शिवसेना एनडीए के साथ बनी हुई है और अभी तक बीजेपी से संबंध नहीं तोड़ा है.

Advertisement

बीजेपी को लगेगा झटका

इसी तरह में अकाली दल भी इन दिनों बीजेपी से बहुत खुश नहीं है. अकाली दल ने बजट की  भी यह कहकर आलोचना की थी कि इसमें किसानों का ध्यान नहीं रखा गया है. लेकिन अकाली दल की भी मजबूरी यह है कि पंजाब में चुनाव हारने के बाद पार्टी की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है और बीजेपी के साथ रहने के अलावा उनके पास कोई दूसरा चारा भी नहीं है.

लेकिन सहयोगी दलों की इस नाराजगी से विपक्ष के नेताओं में उम्मीद बनी हुई है कि लोकसभा चुनाव के पहले इनमें से कुछ पार्टियां एनडीए से छिटकेंगी और बीजेपी को झटका लगेगा.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »