इजरायली कंपनी, इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (आईएआई) तथा बंगलुरु की डायनामाइट टेक्नोलॉजी लिमिटेड (डीटीएल) ने भारत में छोटे मानव रहित विमान बनाने के लिए बुधवार को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए.
'मेक इन इंडिया' पहल के तहत भारतीय जरूरत के अनुसार छोटे मानव रहित विमानों के निर्माण के लिए यह समझौता आईएआई से डीटीएल को प्रौद्योगिकी तथा उत्पादन क्षमता के हस्तांतरण को मंजूरी प्रदान करेगा. इस समझौते पर हस्ताक्षर यहां जारी एयरो इंडिया में किया गया.
उल्लेखनीय है कि आईएआई , ड्रोन, उपग्रह, हथियार प्रणाली व विस्फोट, मानवरहित व रोबोटिक प्रणाली एवं राडार बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी है. भारत आईएआई के बड़े ग्राहकों में से है.
इस मौके पर आईएआई के समूह के महाप्रबंधक शाउल शहर ने कहा कि भारत आईएआई का एक प्रमुख रणनीतिक ग्राहक है. नीति के तहत, हमारी योजना निकट भविष्य में भारत को हमारी यूएवी गतिविधि के एक महत्वपूर्ण हिस्से को हस्तांतरित करने की है.
IANS