बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर आज बड़ा दिन है. नीतीश कुमार आज मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार प्रदेश में पहली बार BJP के नेतृत्व वाली सरकार के लिए रास्ता बनाने वाले हैं. इसी के साथ बीजेपी आज नए मुख्यमंत्री का चेहरा तय कर लेगी.
नीतीश कुमार थोड़ी देर में मुख्यमंत्री आवास से निकलकर राज भवन पहुंचने वाले हैं. यहां वो इस्तीफा देंगे. सम्राट चौधरी सीएम हाउस पहुंचे.
सम्राट चौधरी के नाम पर बीजेपी विधायक दल की बैठक में मुहर लगना तय. सूत्रों के मुताबिक सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. औपचारिक तौर पर सम्राट चौधरी का नाम तय होगा. जेडीयू से दो डिप्टी सीएम के नाम भी तय हैं.
नीतीश कुमार ने अपने इस्तीफा के फैसले के बारे में कैबिनेट को जानकारी दी. नीतीश कुमार ने कहा कि मेरा मार्गदर्शन नई सरकार के साथ बना रहेगा. कैबिनेट की बैठक में नीतीश के अलावा केवल डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अपनी बात रखी. नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद की ग्रुप फोटो सामने आई.
पटना में आयोजित नीतीश कुमार की कैबिनेट बैठक खत्म हो गई है. बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार आज ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे.
नीतीश कुमार के आज बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की खबर पर राज्य मंत्री और JD(U) नेता श्रवण कुमार का बयान आया. वह बोले, 'यह अच्छा नहीं लग रहा कि आज कैबिनेट की आखिरी बैठक है. उनके साथ काम करते हुए हमें बहुत कुछ सीखने को मिला. आज शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा.'
सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री आवास से निकले. पटना हाई कोर्ट स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर जा रहे हैं.
उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जो पहले राज्य BJP अध्यक्ष रह चुके हैं और निवर्तमान सरकार में गृह मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे हैं, उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में चल रहे नामों में सबसे आगे माना जा रहा है.
हालांकि, BJP के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से किसी 'चौंकाने वाले फैसले' की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, जैसा कि हाल ही में राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश में देखने को मिला था.
243 सदस्यों वाली विधानसभा में 89 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी BJP, इसके बाद अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी. विधायक दल की बैठक आज दोपहर करीब 3 बजे होनी तय है.
202 सदस्यों वाले NDA में JD(U) के 85 विधायकों के अलावा, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के 19 और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (जीतन राम मांझी) के 5 विधायक भी शामिल हैं. इसके अलावा, राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोक मोर्चा के भी 5 विधायक इसमें शामिल हैं.
NDA के सभी विधायकों की बैठक आज शाम 4 बजे राज्य विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होनी है. सभी घटक दलों की ओर से औपचारिक समर्थन की घोषणा के बाद, नई सरकार के गठन के लिए राज्यपाल से संपर्क किया जाएगा.
आज नीतीश कुमार का इस्तीफे और नए सीएम का ऐलान होगा. फिर बुधवार 15 अप्रैल को 11 बजे लोकभवन में नए मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट का शपथ ग्रहण होगा.
प्रदेश कार्यालय में दोपहर तीन बजे बीजेपी विधायक दल की मीटिंग होगी. पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में बीजेपी विधायक दल का नेता चुना जाएगा. 4 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधानमंडल दल की बैठक होगी. नए मुख्यमंत्री के चेहरे पर एनडीए विधानमंडल दल मुहर लगाएगा. नई सरकार के गठन को लेकर राज्यपाल के पास दावा पेश होगा. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पटना पहुंचेंगे. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पटना पहुंचेंगे.
नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे. नीतीश सुबह 10:30 बजे पटना हाई कोर्ट स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे. 11 बजे मुख्य सचिवालय में कैबिनेट की आखिरी बैठक में शामिल होंगे. अपने कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ फोटोग्राफी कराएंगे.
मुख्य सचिवालय से नीतीश कुमार वापस मुख्यमंत्री आवास पहुंच जाएंगे. 3:10 बजे मुख्यमंत्री आवास से लोकभवन के लिए रवाना होंगे. राज्यपाल को अपना इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार वापस मुख्यमंत्री आवास आ जाएंगे.