मध्य प्रदेश के कोलारस उपचुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर है. दोनों ही पार्टियां जीत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा रही है. यही वजह है कि दोनों ही पार्टियों ने मैदान में दिग्गज उतार रखे हैं.
चुनाव नजदीक आते ही यह मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है. जब पूरे दो महीने तक चुनाव प्रचार से मंत्री यशोधरा राजे को दूर रखने के बाद आखिरकार बीजेपी ने कोलारस उपचुनाव का पूरा जिम्मा अब उन्हीं को सौंप दिया.
बता दें कि कोलारस उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र जैन ने सोमवार को पर्चा दाखिल कर दिया. पर्चा भरने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देवेंद्र के लिए बदरवास से कोलारस तक 32 किमी लंबा रोड-शो किया. इस उप चुनाव में पहली बार सीएम ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लेकर हमला बोला.
सबसे हैरान करने वाली बात तो यह कि पूरे दो महीने बाद बीजेपी चुनाव प्रचार में मंत्री यशोधरा राजे को लेकर आई. इतना ही नहीं सीएम के रोड-शो के दौरान आगे की तरफ प्रत्याशी देवेंद्र जैन के साथ सिर्फ यशोधरा राजे ही थीं.
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक चुनाव खत्म नहीं हो जाता, तब तक यशोधरा राजे यहीं रहेंगी. उन्हीं पर चुनाव की जिम्मेदारी है.
राजनीतिक जानकारों की मानें तो 31 जनवरी के ज्योतिरादित्य सिंधिया के बड़े रोड शो के बाद बीजेपी पर दबाव था कि वो इससे बड़ा रोड शो व सभा करें. यही वजह रही कि बीजेपी ने कोलारस में 'सिंधिया' फैक्टर लाया और यशोधरा राजे को प्रचार में उतारा.
आज बीजेपी मुंगावली में रोड शो करेगी. यहां भाजपा प्रत्याशी बाईसाहब यादव नामांकन दाखिल करेंगे. इस दौरान सीएम रोड शो करेंगे.