कैप्टन स्मिथ बछार की जांबाजी की चर्चा पूरे देश में हो रही है. इस बीच, उनके साथ स्पाइसजेट में काम कर चुकीं पूर्व पायलट टीना गोस्वामी ने उनके व्यक्तित्व और बहादुरी पर खुलकर बात की है. टीना ने बताया कि कैप्टन स्मिथ एक बेहद विनम्र और जमीन से जुड़े इंसान हैं. वे न केवल अपने साथी पायलटों बल्कि ग्राउंड स्टाफ और क्रू मेंबर्स के साथ भी बहुत सम्मान से पेश आते थे. कॉकपिट में हुए हमले की भयानक स्थिति को याद करते हुए टीना ने बताया कि विमान में इमरजेंसी ट्रेनिंग हर छह महीने में होती है. लेकिन जब को-पायलट खुद विमान को क्रैश करने की कोशिश कर रहा हो और कैप्टन पर हमला कर दे, तो वह स्थिति बेहद खतरनाक होती है. ऐसी स्थिति में अकेले ही प्लेन को संभालना और यात्रियों की जान बचाना एक चमत्कार जैसा है. जब प्लेन अचानक 17 हजार फीट नीचे आ रहा था और कैप्टन खुद जख्मी थे, तब उन्होंने जिस सूझबूझ का परिचय दिया, वह काबिले तारीफ है. टीना के अनुसार, अधिक ऊंचाई से अचानक नीचे आने पर जी-फैक्टर बहुत बढ़ जाता है, जिससे होश खोने का खतरा रहता है. ऐसे में कैप्टन ने न केवल खुद को संभाला बल्कि इमरजेंसी कोड सक्रिय कर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को भी सूचित किया. यह उनकी उत्कृष्ट ट्रेनिंग और मानसिक मजबूती को दर्शाता है. इसके साथ ही उन्होंने उन यात्रियों की भी सराहना की जिन्होंने हिम्मत दिखाकर को-पायलट को काबू करने में मदद की. टीना का मानना है कि कैप्टन स्मिथ बछार ने न केवल देश का बल्कि पूरी पायलट कम्युनिटी का सिर गर्व से ऊंचा किया है.