राजधानी दिल्ली में हफ्ते के पहले दिन यानी सोमवार की सुबह से हो रही तेज बारिश और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन की वजह से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. दिल्ली की सड़कों पर कई जगहों पर भीषण जाम की स्थिति बन गई है. दफ्तर जाने वाले लोगों के लिए यह समय बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है. स्थिति को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है. इसके अलावा यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली में 6 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं.