तेलंगाना के नलगोंडा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जिले के सागर रोड स्थित तेलंगाना कॉलोनी में एक घर के भीतर एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना का खुलासा उस समय हुआ जब आसपास रहने वाले लोगों ने घर से लगातार दुर्गंध आने की शिकायत की और इसकी जानकारी पुलिस को दी.
घर का दरवाजा तोड़कर घुसी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. घर के अंदर चार शव पड़े मिले, जो काफी समय पुराने होने के कारण बुरी तरह सड़ चुके थे.
मृतकों की पहचान शेख सुल्तान, उनकी पत्नी हसीना और उनके दो बच्चों के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, शेख सुल्तान शहर में बैग का कारोबार कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. परिवार लंबे समय से इसी मकान में रह रहा था और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था.
अंदर पड़ी थीं पूरे परिवार की लाशें
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और भय का माहौल है. पड़ोसियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से परिवार के किसी सदस्य को घर से बाहर आते-जाते नहीं देखा गया था. हालांकि किसी ने यह नहीं सोचा था कि घर के भीतर इतना बड़ा हादसा हो चुका होगा.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार ने कोई जहरीला पदार्थ खाया हो सकता है. घटनास्थल से मिले कुछ संकेतों के आधार पर जांच अधिकारी इस संभावना को भी खंगाल रहे हैं कि मामला सामूहिक आत्महत्या का हो सकता है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी.
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझा जा सके. फिलहाल इस रहस्यमयी घटना ने पूरे नलगोंडा जिले को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.
अब्दुल बशीर