भारत के 'लॉटरी किंग' के नाम से मशहूर सैंटियागो मार्टिन के परिवार के लिए तमिलनाडु और पुडुचेरी चुनाव किसी लॉटरी से कम नहीं रहे. दोनों राज्यों के चुनाव में उनके परिवार के तीन सदस्यों ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है.
सैंटियागो मार्टिन की पत्नी लीमा रोज मार्टिन, दामाद आधव अर्जुन, और बेटे जोस चार्ल्स मार्टिन ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में चुनाव जीत लिया है. इन तीनों में सबसे अहम जीत आधव अर्जुन रेड्डी की मानी जा रही है.
मार्टिन परिवार की ये जीत साउथ की पॉलिटिक्स में उनके गहरे प्रभाव को दिखाती है. अलग-अलग पार्टियों से चुनाव लड़ने के बावजूद परिवार के तीनों सदस्य मतदाताओं का भरोसा जीतने में कामयाब रहे.
विजय की पार्टी से जीते मार्टिन के दामाद
आधव अर्जुन, एक्टर से नेता बने थलपति विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) के सबसे भरोसेमंद साथियों में से एक हैं. उन्होंने विल्लिवाक्कम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा और 17,302 वोटों के बड़े अंतर से शानदार जीत हासिल की, आधव अर्जुन, सैंटियागो मार्टिन की बेटी डेजी मार्टिन के पति हैं और टीवीके के महासचिव के रूप में उन्होंने पार्टी की जीत में बड़ी भूमिका निभाई है.
मार्टिन की पत्नी ने जीती लालगुडी सीट
आधव अर्जुन के अलावा, सैंटियागो मार्टिन की पत्नी लीमा रोज मार्टिन ने भी तमिलनाडु की लालगुडी सीट से जीत दर्ज की है. लीमा ने AIADMK के टिकट पर चुनाव लड़ा था. इस सीट पर उन्हें डीएमके और टीवीके के उम्मीदवारों से कड़ी टक्कर मिली. हालांकि, लीमा ने लगभग 2,500 वोटों के मामूली अंतर से जीत हासिल की.
मार्टिन के बेटे ने खुद की पार्टी से जीता चुनाव
पुडुचेरी में NDA का हिस्सा रही 'लचिया जननायक कड़ची' पार्टी ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है. इस पार्टी ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा और एक सीट पर कब्जा किया. इस पार्टी की शुरुआत पिछले साल दिसंबर में सैंटियागो मार्टिन के बेटे जोस चार्ल्स मार्टिन ने की थी.
जोस चार्ल्स पेशे से एक बिजनेसमैन हैं. इस बार उन्होंने कामराज नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और 10,205 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.
aajtak.in