देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए जारी चुनावी प्रक्रिया आज अपने अंतिम चरण में है. 37 में से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं. अब सारा ध्यान उन 11 सीटों पर है जहां उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक होने के कारण आज वोटिंग हो रही है. वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू हो गई है और चार बजे नतीजे घोषित किए जाएंगे.
जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है उनमें बिहार (5 सीटें), ओडिशा (4 सीटें) और हरियाणा (2 सीटें) शामिल हैं. बिहार की 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (JDU), केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर (JDU), बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, और शिवेश कुमार (BJP) की जीत लगभग तय मानी जा रही है. पांचवी सीट के लिए एनडीए समर्थित उपेंद्र कुशवाहा (RLM) और आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह के बीच सीधी टक्कर है. ओडिशा में भी 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार हैं. वहीं हरियाणा में 2 सीटों के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में हैं.
3 राज्य, 11 राज्यसभा सीट... कैसे बिहार में फंसा एनडीए तो हरियाणा-ओडिशा में कांग्रेस की बढ़ी टेंशन
राज्यसभा चुनावों पर बिहार के मंत्री मंगल पांडे ने कहा, "आज मतदान की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, और NDA के सभी उम्मीदवार जीतेंगे..." RJD विधायकों को एक होटल में रखे जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा, "उन्हें (RJD को) अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है, इसीलिए वे ऐसा कर रहे हैं."
राज्यसभा चुनाव पर बिहार के मंत्री और उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश ने कहा, "बिहार में एनडीए के सभी 5 उम्मीदवार चुनाव जीतने जा रहे हैं... विपक्ष एकजुट नहीं है, उनके विधायकों को जबरन होटलों में बंद करके रखा गया है. हमें पूरा भरोसा है कि हमारे पांचों उम्मीदवार जीतेंगे... विपक्ष के कई विधायक भी हमारे उम्मीदवारों का समर्थन करने जा रहे हैं. यह आपको नतीजों में देखने को मिलेगा..."
सभी 11 सीटों के लिए वोटिंग शुरू हो गई है और नतीजे 4 बजे घोषित किए जाएंगे. बिहार विधानसभा में तमाम विधायक पहुंच गए हैं और लाइन लगाकर मतदान कर रहे हैं. बिहार JDU के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा, 'NDA को बस औपचारिक रूप से जीत की घोषणा करनी है. 101% हमारी जीत पक्की है... विपक्ष चाहे कोई भी हथकंडा अपना ले, वोटिंग NDA के पक्ष में ही हो रही है. सभी पांचों सीटें NDA के पक्ष में ही जाएंगी...'
बिहार राज्यसभा चुनाव में एक सीट के लिए 41 वोटों की दरकार है. एनडीए (128 विधायक) के चार उम्मीदवार आसानी से जीत रहे हैं, लेकिन पांचवीं सीट पर उपेंद्र कुशवाहा और आरजेडी के अमरेंद्र सिंह के बीच कड़ा मुकाबला है. आरजेडी को एआईएमआईएम के 5 और बसपा के 1 विधायक का समर्थन मिलने से उनका आंकड़ा 41 तक पहुंचता दिख रहा है, जिससे कुशवाहा की राह मुश्किल हो गई है. अब सबकी नजरें कांग्रेस विधायकों के रुख और संभावित 'खेला' पर टिकी हैं.
ओडिशा में राज्यसभा चुनावों से पहले क्रॉस-वोटिंग की आशंकाओं के बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कोरापुट के सांसद सप्तगिरी उलका ने रविवार को आरोप लगाया कि बेंगलुरु के एक होटल में ठहरे पार्टी विधायकों को 5-5 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की गई. उलका ने यह आरोप ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (OPCC) द्वारा जारी एक वीडियो संदेश में लगाया.
राज्यसभा चुनावों से एक दिन पहले, हरियाणा कांग्रेस के 31 विधायकों को, जो शिमला के पास कुफरी में दो रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे, उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच सोलन जिले के कसौली भेज दिया गया. हरियाणा विधानसभा में 37 सदस्यों वाली कांग्रेस के पास अपने उम्मीदवार को एक सीट जिताने के लिए ज़रूरी संख्या बल मौजूद है लेकिन उसे क्रॉस वोटिंग का डर है.
बिहार में वोटिंग से एक दिन पहले यानि शनिवार को जबरदस्त हलचल देखने को मिली और बैठकों का दौर जारी रहा. जहां NDA खेमे ने उन विधायकों के साथ बीजेपी और जेडीयू नेताओं ने बैठक की तो वहीं RJD अपने इकलौते उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाने में लगी रही.
विपक्षी पार्टी BJD ने रविवार शाम अपने दो निलंबित विधायकों से कहा कि वे राज्यसभा चुनावों में पार्टी लाइन के अनुसार ही वोट दें, वरना उनकी पार्टी की सदस्यता रद्द हो सकती है.पटकुरा के विधायक अरविंद महापात्रा और चंपुआ के विधायक सनातन महाकुड को 15 जनवरी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में BJD से निलंबित कर दिया गया था.