केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ मंत्रियों ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन में 8,931 दिन पूरे करने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और अब प्रधानमंत्री के रूप में उनका यह लंबा कार्यकाल 'राष्ट्र प्रथम' की भावना, गरीबों को अधिकार दिलाने और वैश्विक मंच पर देश का गौरव बढ़ाने की उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं. राष्ट्र और जनता के प्रति उनकी शुद्ध निष्ठा ही उनकी पहचान है.'
रक्षा मंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मोदी का जीवन निरंतर सेवा की यात्रा रहा है. गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनकी अटूट प्रतिबद्धता से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में उनके समर्पित नेतृत्व तक. उन्होंने कहा कि मोदी ने पवन कुमार चामलिंग का 8,930 दिनों का रिकॉर्ड पार करते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है.
उन्होंने कहा, '8,931 दिनों तक सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा देना राष्ट्र-प्रथम शासन, कार्य में ईमानदारी और हर नागरिक के लिए अथक सेवा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पीएम मोदी को हार्दिक बधाई.'
'एक अलग ही युग का निर्माण किया'
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी के दशकों की 'सेवा' ने एक अलग ही युग का निर्माण किया है. उन्होंने कहा, 'गरीबों को उनके अधिकार दिलाने से लेकर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करने और वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ाने तक, मोदी युग ने देश को पूरी तरह बदल दिया है.'
शाह ने कहा कि 'नए भारत' के निर्माण के लिए जीवनभर का प्रयास चाहिए था और प्रधानमंत्री मोदी ने इसे पूरा किया. उन्होंने कहा कि 24 वर्षों से अधिक समय तक बिना अवकाश लिए देश की सेवा करना उनकी अद्भुत प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
उन्होंने कहा, 'यही कारण है कि उन्हें तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री और तीन बार प्रधानमंत्री के रूप में जनता का अभूतपूर्व स्नेह मिला है. समय के साथ लोगों का विश्वास और समर्थन लगातार बढ़ता गया है.'
क्या बोले जेपी नड्डा?
गृह मंत्री ने इसे सेवा, कड़ी मेहनत और अटूट प्रतिबद्धता पर आधारित एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया और कहा कि यह 'अभूतपूर्व विश्वास और अतुलनीय सेवा से बनी विरासत' है. स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी के शासन के वर्ष देश के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता और जनता की सेवा के प्रति निरंतर समर्पण को दर्शाते हैं.
उन्होंने कहा, 'उनके नेतृत्व में भारत 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, जहां जन-केंद्रित नीतियों के माध्यम से गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाया जा रहा है.' उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर अधिक आत्मविश्वासी और प्रभावशाली बनकर उभरा है.
क्या बोले BJP अध्यक्ष नितिन नवीन?
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में देश ने बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति, प्रभावी जनकल्याणकारी योजनाओं और 'आत्मनिर्भर भारत' की दिशा में तेज प्रगति की है. उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में लगातार मिली ऐतिहासिक जनादेश जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है.
रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर प्रधानमंत्री की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'समय का हर क्षण... केवल और केवल देशवासियों के लिए समर्पित है.' वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि 8,931 दिनों का यह सफर 'जन सेवा' के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और समावेशी विकास के संकल्प को दर्शाता है.
उन्होंने कहा, 'कड़ी मेहनत और राष्ट्र निर्माण के दृढ़ संकल्प पर आधारित उनका सार्वजनिक जीवन भारत की विकास यात्रा को निरंतर मजबूत कर रहा है.'
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे 'वास्तव में उल्लेखनीय उपलब्धि' बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के 8,931 दिन की सेवा उनके अथक समर्पण, ईमानदारी और राष्ट्र-प्रथम शासन का प्रमाण है. उन्होंने कहा, 'यह विश्वास और सेवा की एक प्रेरणादायक यात्रा है.' प्रधानमंत्री मोदी अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और इस दौरान वह सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले नेता बने.
उन्होंने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. इसके बाद 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भी जीत हासिल कर वह लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यरत हैं.
aajtak.in