संसद का मॉनसून सत्र चल रहा है और इस सत्र के शुरुआती दो दिनों की कार्यवाही नीट पेपर लीक, कॉक्रोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट पर लाठीचार्ज और राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर हंगामे की भेंट चढ़ चुका है. तीसरे दिन भी दोनों सदनों में जोरदार हंगामा हुआ. लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य वेल में आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी.
हंगामे के कारण स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही पहले 12, फिर 2 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. वहीं, राज्यसभा में सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सिक्किम के नामची जिले में हुए टनल हादसे पर दुख व्यक्त किया. सदन में इस हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई. राज्यसभा की कार्यवाही भी हंगामे के कारण पहले 12, फिर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने चेयर से कही गई बात को ही कोट करते हुए कहा कि रेयरेस्ट ऑफ द रेयर केस में 267 लिया जाता है. इससे रेयरेस्ट केस क्या हो सकता है. इतने पर ही उपसभापति हरिवंश ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा कर दी. राज्यसभा की कार्यवाही 23 जुलाई, गुरुवार को 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
राज्यसभा की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. चेयर से डिप्टी चेयरमैन हरिवंश ने कहा कि सभी ने अपनी बात रखी. रास्ता निकालकर चर्चा हो, चेयर को इससे अधिक प्रसन्नता नहीं होगी. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विपक्ष ने कहा है कि कैसे चर्चा हो. हम तैयार हैं. अब चर्चा न हो, इसके लिए कांग्रेस पार्टी शर्त लेकर आई है.
लोकसभा की कार्यवाही दिनभर और राज्यसभा 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. इससे पहले उपसभापति हरिवंश ने चेयर से चेयरमैन की रुलिंग सुनाई. तिरुचि सेवा ने कहा कि आपने रेयरेस्ट ऑफ द रेयर कहा. रेयरेस्ट ऑफ द रेयर क्या है. इस पर तिरुचि शिवा को रोकते हुए उपसभापति ने सदन की कार्यवाही 3 बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी.
लोकसभा से कल्याण बनर्जी को मॉनसून सेशन के लिए निलंबित कर दिया गया है. कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कल्याण बनर्जी को शेष मॉनसून सत्र के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव पेश किया, जिसे सदन ने पारित कर दिया है.
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने नीट पेपर लीक पर नियम 267 के तहत चर्चा की मांग करते हुए कहा कि जब तक ये इस्तीफा नहीं लेंगे, हम चर्चा नहीं करेंगे. पहले इस्तीफा लें, उसके बाद ही चर्चा होगी.
राज्यसभा में हंगामे के बीच कार्यवाही शुरू हो गई है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विपक्ष चर्चा की मांग कर रहा है और हम चर्चा के लिए तैयार हैं. नीट परीक्षा पर नियमों के तहत चर्चा के लिए सरकार पूरी तरह से तैयार है. नेता सदन जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्ष का व्यवहार पूरी तरह से गैरजिम्मेदाराना है. जेपी नड्डा ने कहा कि यह सरकार पूरी तरह से पारदर्शी सरकार है. विपक्ष को लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास नहीं है.
लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों की कार्यवाही फिर से शुरू हो गई है. लोकसभा में चेयर पर डिप्टी स्पीकर पैनल के कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी आए हैं. उन्होंने कहा है कि स्थगन प्रस्ताव की किसी भी सूचना को स्पीकर ने अनुमति नहीं दी है. विपक्ष के हंगामे के बीच कार्यवाही जारी है.
मॉनसून सत्र के तीसरे दिन भी संसद में गतिरोध जारी है. विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है. सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा भी कि सरकार नीट पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार है. इन सबके बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने पहुंचे हैं.
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. स्पीकर ओम बिरला ने नीट पेपर लीक पर चर्चा के लिए सरकार के तैयार होने के बाद कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
अखिलेश यादव ने कहा कि यह मुद्दा कांग्रेस या सपा का नहीं, छात्रों का है. युवा-छात्र, नौजवान सबके हैं. हम सब लड़ रहे हैं और सड़कों पर आंदोलन होगा उनके लिए. हमारे छात्रों के साथ जो व्यवहार छात्रों के साथ हुआ है, क्या बेटियों के कपड़े फाड़ेंगे आप. उन्होंने स्पीकर पर तंज करते हुए कहा कि आपने इनको बुलवा दिया, उनको बुलवा दिया. क्या समझौता कर लिया आपने. अखिलेश ने कहा कि हम मजबूरी में गए हैं प्रधानमंत्री आवास. अगर आप यहां सुन लेते, तो हमें वहां नहीं जाना पड़ता. प्रधानमंत्री युवाओं को लेकर बाहर बोल सकते हैं, तो यहां क्यों बयान नहीं दे सकते.
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार नीट पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि चर्चा नियमों के तहत होती है. सभी दलों के साथ मिलकर स्पीकर तय करें. युवाओं के भविष्य के लिए सार्थक चर्चा हो.
राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की. खड़गे ने चेयरमैन से स्पष्ट कहा कि पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हो. उन्होंने गतिरोध खत्म करने को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद हम चर्चा के लिए तैयार हैं.
लोकसभा और राज्यसभा, संसद के दोनों ही सदनों में मॉनसून सत्र के तीसरे दिन भी कार्यवाही का हंगामेदार आगाज हुआ. काले कपड़ों में पहुंचे विपक्षी सदस्यों ने कार्यवाही शुरू होते ही वेल में आकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी. हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.